रायल रेस्टोरेंट पर अवैध हुक्का बार संचालित किया जा रहा था….
आजमगढ़। जनपद के सरायमीर थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध रूप से संचालित हुक्का बार पर छापा मारते हुए तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। मौके से छह हुक्के, फ्लेवर युक्त तंबाकू सहित अन्य सामग्री बरामद की गई है। यह कार्रवाई उच्च न्यायालय के आदेशों के अनुपालन और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई।
👉 पुलिस के अनुसार, उपनिरीक्षक विद्याकांत सिंह अपनी टीम के साथ कस्बा सरायमीर में मौजूद थे, तभी मुखबिर से सूचना मिली कि खरेवा मोड़ से दीदारगंज रोड स्थित रायल रेस्टोरेंट के दूसरे और तीसरे तल पर अवैध हुक्का बार संचालित किया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर छापा मारा।
👉 छापेमारी के दौरान रेस्टोरेंट का पहला तल बंद मिला, जबकि दूसरे तल पर एक कमरे में तीन मेजों पर छह हुक्के लगे हुए थे और कई युवक वहां बैठकर हुक्का पी रहे थे। पुलिस को देखते ही मौके पर मौजूद लोग भागने लगे, लेकिन पुलिस ने तीन लोगों को मौके से पकड़ लिया।

👉 पूछताछ में मुख्य आरोपी आदित्य राय उर्फ अवनीश ने बताया कि उसने अपने साथी अशरफ के साथ मिलकर रेस्टोरेंट के ऊपरी तल को किराए पर लेकर हुक्का बार चला रखा था, जबकि अन्य आरोपी वहां वेटर के रूप में काम कर रहे थे।

👉 तलाशी के दौरान पुलिस ने 615 ग्राम फ्लेवर युक्त तंबाकू, छह हुक्के, पांच पाइप, छह चिलम और तीन पैकेट कोयला बरामद किया। इसके अलावा आरोपी के पास से 480 रुपये नगद भी मिले। संचालन से संबंधित कोई वैध अनुमति पत्र न मिलने पर पुलिस ने इसे अवैध गतिविधि मानते हुए कार्रवाई की।
👉 इस संबंध में थाना सरायमीर में बीएनएस की धारा 223, 271, 272 तथा सिगरेट एवं तंबाकू उत्पाद अधिनियम 2003 की धारा 4/21 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने तीनों अभियुक्तों को हिरासत में लेकर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।









