व्यापारियों ने व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था पर भी रखी बात…
आजमगढ़, 16 अप्रैल। जनपद में व्यापारियों की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से गुरुवार को पुलिस लाइन स्थित सभागार में व्यापारी सुरक्षा प्रकोष्ठ की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ एवं अपर पुलिस अधीक्षक यातायात/नोडल अधिकारी के निर्देशन में क्षेत्राधिकारी सदर की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई।

बैठक में व्यापारियों, पेट्रोल पंप संचालकों, बैंक मित्रों एवं माइक्रो फाइनेंस कर्मियों की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने पर चर्चा की गई। अधिकारियों ने सभी संबंधित विभागों को समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस दौरान व्यापारियों ने शहर में बढ़ती जाम की समस्या, अवैध पार्किंग, बड़े वाहनों की अनियंत्रित एंट्री और बाजार क्षेत्रों में स्पीड ब्रेकर की कमी जैसे मुद्दे उठाए। जिस पर अधिकारियों ने संबंधित विभागों को शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में थाना एएचटी के प्रभारी उपनिरीक्षक प्रदीप कुमार सहित थाना एएचटी के अधिकारी-कर्मचारी, यातायात पुलिस, नगर पालिका के प्रतिनिधि तथा विभिन्न व्यापार संगठनों के पदाधिकारी, सर्राफा व्यापारी और अन्य व्यापारी मौजूद रहे।









