आजमगढ़ के सगड़ी तहसील क्षेत्र के खालिसपुर गांव में जमीन विवाद एक बार फिर तूल पकड़ता नजर आया। पैमाइश के दौरान नायब तहसीलदार के साथ कथित अभद्रता और सरकारी कार्य में बाधा डालने का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, बंटवारे से जुड़े एक मामले में उप जिलाधिकारी श्याम प्रताप सिंह के आदेश के अनुपालन में मंगलवार दोपहर करीब एक बजे नायब तहसीलदार आदर्श सिंह राजस्व टीम और पुलिस बल के साथ गाटा संख्या 708 की पैमाइश के लिए खालिसपुर गांव पहुंचे थे। पैमाइश की कार्रवाई के दौरान गांव के गयासुद्दीन और उनके एक भांजे पर आरोप है कि उन्होंने गाली-गलौज करते हुए सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाई और नायब तहसीलदार के साथ दुर्व्यवहार किया।
घटना के बाद नायब तहसीलदार की तहरीर पर जीयनपुर थाने में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आरोपितों की तलाश की जा रही है।
बताया जा रहा है कि इसी जमीन को लेकर पहले भी विवाद हो चुका है। बीते 16 अप्रैल को न्यायालय के आदेश के बाद चहारदीवारी निर्माण के दौरान भी दोनों पक्षों के बीच तनाव की स्थिति बनी थी। आरोप था कि निर्माण कार्य के दौरान कुछ लोगों ने दीवार तोड़ दी और पत्थर उखाड़ दिए थे। उसी मामले के बाद दोबारा पैमाइश कराई जा रही थी।
घटना के समय मौके पर जीयनपुर पुलिस के साथ राजस्व निरीक्षक सरजू प्रसाद, लेखपाल रामसागर सोनी सहित दोनों पक्षों के कई लोग मौजूद रहे। फिलहाल गांव में स्थिति सामान्य बताई जा रही है, लेकिन विवाद को देखते हुए प्रशासन सतर्क नजर आ रहा है।








