आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से चाकू से ताबड़तोड़ हमला किया था…..
आजमगढ़। जनपद में वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत फूलपुर थाना पुलिस ने जानलेवा हमला करने के मामले में वांछित एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को विधिक कार्रवाई पूरी कर न्यायालय भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, 4 मई 2026 को थाना फूलपुर क्षेत्र के ग्राम गोबरहा निवासी वादी ने तहरीर देकर बताया था कि उसका पुत्र रुस्तम उर्फ धर्मेन्द्र गांव में मकान निर्माण कार्य देखने जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में गांव के ही गंगू उर्फ पुष्पेन्द्र और सत्यम गौतम ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे युवक के पेट और बांह में गंभीर चोटें आईं।

घटना के संबंध में थाना फूलपुर पर मुकदमा संख्या 160/2026 धारा 109(1), 126(2), 352 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
इसी क्रम में 6 मई 2026 को उपनिरीक्षक कमालुद्दीन मय हमराह पुलिस टीम ने वांछित अभियुक्त सत्यम गौतम पुत्र रामशब्द निवासी ग्राम गोबरहा थाना फूलपुर को कस्बा फूलपुर स्थित पोखरे के पास से रात करीब 9:04 बजे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय भेज दिया गया है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक कमालुद्दीन, कांस्टेबल शुभम सिंह तथा रिक्रूट आरक्षी राजप्रकाश गुप्ता शामिल रहे।









