आजमगढ़: स्वास्थ्य सेवाओं पर डीएम रविन्द्र कुमार सख्त, संस्थागत प्रसव बढ़ाने और लंबित भुगतान जल्द निपटाने के निर्देश
आजमगढ़। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने जिला स्वास्थ्य समिति की समीक्षा बैठक में स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली की गहन समीक्षा करते हुए कई अहम निर्देश जारी किए। उन्होंने सरकारी अस्पतालों में संस्थागत प्रसव बढ़ाने, आशा व एएनएम के लंबित भुगतान का शीघ्र निस्तारण करने तथा स्वास्थ्य योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया।
बैठक में अतरौलिया, लालगंज और तरवां के 100 बेड अस्पतालों में पिछले छह माह के दौरान अपेक्षाकृत कम संस्थागत प्रसव होने पर डीएम ने नाराजगी जताई। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) से स्पष्टीकरण प्राप्त करने के निर्देश दिए और प्रसव सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा।
जननी सुरक्षा योजना की समीक्षा के दौरान निर्देश दिए गए कि गर्भवती महिलाओं की डिलीवरी से पहले ही बैंक खाते का विवरण लेकर आवेदन की प्रक्रिया पूरी कराई जाए। जिन स्वास्थ्य केंद्रों पर अधिक प्रसव हो रहे हैं, वहां आवश्यकतानुसार अतिरिक्त मानव संसाधन उपलब्ध कराने को भी कहा गया।
बैठक में एचपीवी वैक्सीन अभियान को लेकर भी चर्चा हुई। डीएम ने सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए 14 से 15 वर्ष की बालिकाओं के टीकाकरण को बढ़ावा देने हेतु व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने और स्कूलों व ग्राम पंचायतों में जागरूकता पोस्टर लगाने के निर्देश दिए।
आशा, एएनएम और सुपरवाइजरों के लंबित भुगतान पर असंतोष जताते हुए उन्होंने सभी चिकित्सा अधीक्षकों को अगली समीक्षा बैठक से पहले भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा जन औषधि केंद्रों में उपलब्ध दवाओं की सूची प्रदर्शित करने, चिकित्सकों को उन्हीं दवाओं के पर्चे लिखने, आयुष्मान कार्ड बनाने में तेजी लाने, शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करने तथा स्वास्थ्य केंद्रों के नियमित निरीक्षण के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में स्वास्थ्य उपकेंद्रों के लिए भूमि उपलब्ध कराने सहित अन्य प्रशासनिक मुद्दों पर भी चर्चा की गई। इस दौरान सीएमओ, अपर सीएमओ, जिला अस्पताल के अधिकारी तथा सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के प्रभारी मौजूद रहे।








