best news portal development company in india

आजमगढ़ में महिला आयोग की सदस्य डॉ. प्रियंका मौर्या ने की जनसुनवाई, 21 में से 8 मामलों का मौके पर निस्तारण

SHARE:

आजमगढ़ में महिला आयोग की सदस्य डॉ. प्रियंका मौर्या ने की जनसुनवाई, 21 में से 8 मामलों का मौके पर निस्तारण

आजमगढ़, 22 जुलाई। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य डॉ. प्रियंका मौर्या ने बुधवार को सर्किट हाउस, आजमगढ़ में महिला जनसुनवाई कर महिलाओं की शिकायतें सुनीं। जनसुनवाई के दौरान प्राप्त 21 मामलों में से 8 का मौके पर ही निस्तारण कराया गया, जबकि शेष 13 मामलों में संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध और निष्पक्ष कार्रवाई कर पीड़िताओं को न्याय दिलाने के निर्देश दिए गए।

डॉ. प्रियंका मौर्या ने कहा कि महिलाओं से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रत्येक पीड़िता को त्वरित न्याय उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि महिला एवं बालिका कल्याण से जुड़ी सभी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पहुंचाया जाए।

गुमशुदा बालिकाओं की बरामदगी पर विशेष जोर

महिला आयोग की सदस्य ने बालिकाओं की गुमशुदगी के मामलों को गंभीरता से लेते हुए महिला थानाध्यक्ष को निर्देश दिए कि विद्यालयों, महाविद्यालयों तथा ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जाए। साथ ही गुमशुदा बालिकाओं की शीघ्र बरामदगी सुनिश्चित करने और ऐसे मामलों की सतत निगरानी रखने के निर्देश भी दिए।

बाल सेवा योजना के लाभार्थियों को मिले लैपटॉप

कार्यक्रम के दौरान डॉ. प्रियंका मौर्या ने बाल सेवा योजना (कोविड) के अंतर्गत चयनित आठ लाभार्थियों को लैपटॉप वितरित किए। उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उन्हें आधुनिक तकनीक का सदुपयोग कर शिक्षा और कौशल विकास पर ध्यान देने तथा मेहनत और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

जिला कारागार और आंगनवाड़ी केंद्र का निरीक्षण

जनसुनवाई के बाद डॉ. प्रियंका मौर्या ने जिला कारागार का निरीक्षण कर महिला बंदियों से मुलाकात की। उन्होंने स्वास्थ्य, सुरक्षा और अन्य मूलभूत सुविधाओं की जानकारी लेकर अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इसके बाद उन्होंने एक आंगनवाड़ी केंद्र का भी निरीक्षण किया और महिलाओं एवं बच्चों को उपलब्ध कराई जा रही पोषण एवं अन्य योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का प्रभावी लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर उपजिलाधिकारी प्रियंका सिंह, महिला थानाध्यक्ष प्रज्ञा सिंह, जिला प्रोबेशन अधिकारी सुबोध कुमार सिंह, सहायक श्रमायुक्त पवन कुमार, जिला सूचना अधिकारी डॉ. पंकज कुमार, डिप्टी सीएमओ डॉ. अलेंद्र कुमार, सहायक जिला विद्यालय निरीक्षक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment

Pelli Poola Jada
best news portal development company in india
सबसे ज्यादा पड़ गई