अतरौलिया की बहू श्रेया सिंह ने मुंबई में जीता रियलिटी शो, एक लाख रुपये का पुरस्कार
अतरौलिया (आजमगढ़)। अतरौलिया क्षेत्र के भोराजपुर खुर्द गांव की बहू एवं कंटेंट क्रिएटर श्रेया सिंह (परिहार) ने मुंबई में आयोजित रियलिटी शो “हम हो ना – घर की सुपरस्टार” का खिताब जीतकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। विजेता बनने पर उन्हें एक लाख रुपये की पुरस्कार राशि से सम्मानित किया गया।

श्रेया सिंह भोराजपुर खुर्द निवासी संदीप सिंह की बहू तथा अमन सिंह की पत्नी हैं। उन्होंने अपनी प्रतिभा, आत्मविश्वास और प्रभावशाली प्रस्तुति के दम पर प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए निर्णायकों और दर्शकों का दिल जीत लिया।
महिलाओं की प्रतिभा, संघर्ष और आत्मविश्वास को मंच देने वाले इस रियलिटी शो की मेजबानी अभिनेता राजीव खंडेलवाल करते हैं। कार्यक्रम का प्रसारण प्रतिदिन रात 9 बजे सोनी टीवी पर होता है, जबकि इसे सोनी लिव ऐप पर भी देखा जा सकता है।
श्रेया की इस उपलब्धि से उनके परिवार के साथ-साथ पूरे अतरौलिया क्षेत्र में खुशी का माहौल है। क्षेत्र के लोगों ने इसे स्थानीय प्रतिभाओं के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि बताते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।
श्रेया सिंह की सफलता यह संदेश देती है कि प्रतिभा, कड़ी मेहनत और परिवार के सहयोग से छोटे शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों की बेटियां एवं बहुएं भी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बना सकती हैं।








