ई-ऑफिस और आईजीआरएस के प्रभावी संचालन के लिए अधिकारियों व कर्मचारियों को दिया गया प्रशिक्षण
आजमगढ़, 24 जुलाई 2026। जनपद के सभी सरकारी कार्यालयों में ई-ऑफिस प्रणाली एवं आईजीआरएस पोर्टल के शत-प्रतिशत और प्रभावी संचालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शुक्रवार को हरिऔध कला केन्द्र सभागार में एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार के निर्देशन में आयोजित इस प्रशिक्षण का उद्देश्य कार्यालयी कार्यों में पारदर्शिता, गति और जनशिकायतों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण को सुनिश्चित करना रहा।
प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को बताया गया कि जनपद में ई-ऑफिस के माध्यम से पत्रावलियों का निस्तारण अपेक्षित गति से नहीं हो रहा है, जबकि शासन की प्राथमिकताओं में इसका प्रभावी क्रियान्वयन शामिल है। इसी प्रकार आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त जनशिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर भी विशेष जोर दिया गया।
कार्यक्रम में नवागत अधिकारियों, कर्मचारियों तथा ई-ऑफिस एवं आईजीआरएस के तकनीकी संचालन से जुड़े कार्मिकों को ऑनलाइन पत्रावलियों के प्राप्त करने, उनका समयबद्ध निस्तारण, डिजिटल अग्रसारण तथा अन्य प्रक्रियाओं का प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही आईजीआरएस पोर्टल पर शिकायतों के पंजीकरण, गुणवत्तापूर्ण आख्या अपलोड करने, समयबद्ध निस्तारण और प्रभावी मॉनिटरिंग की विस्तृत जानकारी भी प्रदान की गई।
जिला सूचना विज्ञान अधिकारी चन्दन कुमार यादव एवं जिला आबकारी अधिकारी रमेश चन्द्र मिश्र ने ई-ऑफिस प्रणाली के संचालन और उसके प्रभावी क्रियान्वयन की जानकारी दी। वहीं ईडीएम शरद यादव ने पावर प्वाइंट प्रस्तुति (पीपीटी) के माध्यम से आईजीआरएस पोर्टल के संचालन और जनशिकायतों के प्रभावी निस्तारण की प्रक्रिया को विस्तार से समझाया।
प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए गए कि ई-ऑफिस और आईजीआरएस शासन की महत्वपूर्ण प्राथमिकताओं में शामिल हैं। इसलिए दोनों प्रणालियों का शत-प्रतिशत संचालन सुनिश्चित करते हुए पत्रावलियों एवं जनशिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी न की जाए। निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्य पूरा कर आमजन को त्वरित, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में नवागत अधिकारियों के साथ विभिन्न विभागों के कार्यालयाध्यक्ष एवं ई-ऑफिस तथा आईजीआरएस से जुड़े संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे।







