अवैध तमंचे के साथ शातिर अपराधी गिरफ्तार, फूलपुर पुलिस की कार्रवाई
आजमगढ़, 25 जुलाई 2026। जनपद में अवैध शस्त्र रखने और बेचने वाले अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत फूलपुर पुलिस ने एक शातिर अपराधी को अवैध तमंचे के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायालय भेज दिया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) एवं क्षेत्राधिकारी फूलपुर के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक देवेन्द्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार 24 जुलाई 2026 की रात उपनिरीक्षक सुधीर कुमार सिंह अपनी टीम के साथ क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग, अपराधियों की तलाश और गश्त पर थे। इसी दौरान सूचना के आधार पर दुर्वासा गेट मोड़ से विनोद राजभर (27 वर्ष) पुत्र सीकम राजभर, निवासी ग्राम कोठवा, थाना फूलपुर को रात 9:30 बजे गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक अवैध .315 बोर का तमंचा बरामद हुआ। बरामदगी के आधार पर थाना फूलपुर में मु.अ.सं. 234/2026 के तहत धारा 3/25 शस्त्र अधिनियम में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ वर्ष 2023 में थाना फूलपुर में धारा 354, 456, 504 एवं 506 भा.दं.सं. के तहत भी मुकदमा दर्ज है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक सुधीर कुमार सिंह, कांस्टेबल अनिल प्रसाद तथा कांस्टेबल जितेन्द्र कुमार यादव शामिल रहे।








