आजमगढ़: नौकरी का झांसा देकर ठगी करने वाले गिरोह के तीन सदस्य गिरफ्तार, फर्जी दस्तावेज और कार बरामद
आजमगढ़ के रानी की सराय थाना क्षेत्र में पुलिस ने नौकरी दिलाने के नाम पर युवाओं से ठगी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से फर्जी दस्तावेज तैयार करने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री, कई मोहरें, मोबाइल फोन, नकदी और एक कार बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार, रात्रि गश्त के दौरान आजमगढ़-वाराणसी मार्ग पर कोटिला कट के पास एक संदिग्ध ब्रेजा कार के निकट मौजूद तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। जांच में उनकी पहचान बिहार के मधुबनी निवासी लालू उर्फ राकेश कुमार तथा बलिया जनपद के रसड़ा निवासी दिनेश कुमार गुप्ता और धर्मेंद्र गुप्ता के रूप में हुई।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी स्वयं को नौकरी दिलाने वाला एजेंट बताकर बेरोजगार युवाओं से रकम वसूलते थे। इसके बाद कथित रूप से फर्जी पुलिस सत्यापन रिपोर्ट, आधार कार्ड, पैन कार्ड, जन्म प्रमाणपत्र और अन्य सरकारी दस्तावेज तैयार कर नौकरी दिलाने का झांसा देते थे।
तलाशी के दौरान पुलिस ने चार मोबाइल फोन, 11 मोहरें, इंकपैड, पुलिस सत्यापन से संबंधित प्रपत्र, नागालैंड सरकार के प्रोफार्मा, आधार और पैन कार्ड की प्रतियां, एक ब्रेजा कार तथा ₹5,360 नकद बरामद किए।
इस मामले में रानी की सराय थाने में मुकदमा दर्ज है। पुलिस का कहना है कि इस गिरोह के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी है और अब तक कुल 12 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जिनमें से नौ को पहले ही न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा चुका है।







