आजमगढ़: L&T कर्मचारी बनकर बुलडोजर-जेसीबी का काम दिलाने के नाम पर 15.50 लाख की ठगी, साइबर अपराधी गिरफ्तार
आजमगढ़। जनपद में साइबर ठगी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में साइबर क्राइम थाना पुलिस ने बुलडोजर और जेसीबी का काम दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने वाले एक शातिर साइबर अपराधी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर करीब 15.50 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप है।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान पंकज सिंह पुत्र स्व. रवि प्रकाश सिंह, निवासी सरायवृंदावन, थाना तरवां, जनपद आजमगढ़ के रूप में हुई है।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह Just Dial से बुलडोजर, जेसीबी और डंपर संचालकों के मोबाइल नंबर जुटाता था। इसके बाद खुद को L&T, नवी मुंबई का कर्मचारी बताकर बड़े सरकारी एवं निजी प्रोजेक्ट में मशीन लगाने का झांसा देता था। काम दिलाने के नाम पर एडवांस और रजिस्ट्रेशन फीस लेकर लोगों से ठगी करता था।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी फर्जी मनी क्रेडिट मैसेज भेजने, सॉफ्टवेयर बेचने के नाम पर धोखाधड़ी करने तथा ठगी की रकम जनसेवा केंद्रों के QR कोड के माध्यम से निकलवाकर नकद लेने का भी काम करता था।
एसएसपी डॉ. अनिल कुमार के पर्यवेक्षण तथा एएसपी चिराग जैन, एएसपी पंकज श्रीवास्तव और सीओ साइबर आस्था जायसवाल के मार्गदर्शन में साइबर टीम ने प्रतिबिंब पोर्टल पर मिले संदिग्ध मोबाइल नंबर 7607258498 की जांच की। जांच में पता चला कि इस नंबर से जुड़े IMEI पर देशभर में 13 NCRP शिकायतें दर्ज हैं।
30 जुलाई को प्रभारी निरीक्षक राजकुमार सिंह के नेतृत्व में साइबर क्राइम टीम ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी को उसके गांव स्थित ट्यूबवेल के पास से गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से एक मोबाइल फोन और 1,350 रुपये नकद बरामद किए गए।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी सरकारी परियोजना या प्रतिष्ठित कंपनी के नाम पर फोन के माध्यम से पैसे जमा न करें। किसी भी प्रस्ताव की पहले संबंधित कंपनी से पुष्टि करें। साइबर ठगी की स्थिति में तुरंत 1930 हेल्पलाइन या NCRP पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।








