आजमगढ़ में 10 हजार का इनामी गिरफ्तार, शादी का झांसा देकर शोषण का आरोप
आजमगढ़। कोतवाली पुलिस ने शादी का झांसा देकर युवती से शारीरिक संबंध बनाने, मारपीट और धमकी देने के मामले में वांछित चल रहे 10 हजार रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, पीड़िता ने शिकायत में आरोप लगाया था कि करीब नौ माह पहले उसकी मुलाकात गुलाब चौबे उर्फ संजय चौबे से हुई थी। बातचीत बढ़ने के बाद आरोपी ने शादी का भरोसा देकर उसके साथ संबंध बनाए और उसे मुंबई ले जाकर करीब चार माह तक किराए के मकान में रखा।
पीड़िता का आरोप है कि शादी के लिए दबाव बनाने पर आरोपी ने उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की तथा उसे आजमगढ़ रोडवेज पर छोड़कर फरार हो गया। बाद में फोन के जरिए धमकी देने का भी आरोप लगाया गया।
13 अगस्त 2026 को उपनिरीक्षक मिथिलेश कुमार प्रजापति को सूचना मिली कि आरोपी आजमगढ़ रोडवेज बस अड्डे पर मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर करीब 12:30 बजे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान गुलाब चौबे उर्फ संजय चौबे (42) पुत्र नन्हे चौबे, निवासी पचौली विशुनपुर मझवारा, थाना जलालपुर, जनपद जौनपुर के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।








