फूलपुर तहसील में नवागत एसडीएम निकेत वर्मा ने संभाला कार्यभार, बोले—पीड़ित जनता को न्याय दिलाना पहली प्राथमिकता
फूलपुर/आजमगढ़। फूलपुर तहसील के नवागत उपजिलाधिकारी (एसडीएम) निकेत वर्मा ने तहसील कार्यालय पहुंचकर विधिवत कार्यभार ग्रहण कर लिया। कार्यभार संभालने के बाद उन्होंने तहसील परिसर का निरीक्षण किया और विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से शिकायत पत्रों के ऑनलाइन निस्तारण की स्थिति की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने अपने कार्यालय में बैठकर फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
एसडीएम निकेत वर्मा ने कहा कि पीड़ित जनता को न्याय दिलाना उनकी पहली प्राथमिकता है। आमजन अपनी समस्याओं को लेकर किसी भी समय कार्यालय में उनसे मिल सकता है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकताओं का शत-प्रतिशत पालन कराना उनका प्रमुख कर्तव्य होगा। आम आदमी की समस्याओं का प्रभावी निस्तारण और त्वरित न्याय दिलाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। साथ ही शासन की योजनाओं एवं कार्यक्रमों को प्राथमिकता के आधार पर धरातल पर लागू कराया जाएगा।
नवागत एसडीएम ने शिक्षा व्यवस्था को लेकर भी अपनी प्राथमिकता स्पष्ट करते हुए कहा कि प्राथमिक विद्यालयों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, ताकि सभी वर्गों के बच्चों को बेहतर शिक्षा का अवसर मिल सके।
उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से जनहित से जुड़े कार्यों को पूरी गंभीरता, जिम्मेदारी और पारदर्शिता के साथ करने की अपेक्षा जताई।








