आजमगढ़: शौच के लिए गया युवक नहर में डूबा, पैर फिसलने से गहरे पानी में गिरने पर मौत; पत्नी और मासूम बेटी का रो-रोकर बुरा हाल
आजमगढ़/गंभीरपुर। जनपद के गंभीरपुर थाना क्षेत्र के रसूलपुर बाज बहादुर गांव में मंगलवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। शौच के लिए नहर किनारे गया 30 वर्षीय युवक पैर फिसलने से गहरे पानी में गिर गया और डूबने से उसकी मौत हो गई। बुधवार सुबह पुलिस ने शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, सूरज राम पुत्र राजाराम मंगलवार शाम करीब 7 बजे गांव के उत्तरी छोर पर स्थित शारदा सहायक खंड-23 नहर के किनारे शौच के लिए गया था। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में जा गिरा।
हादसे की जानकारी होते ही आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने के लिए नहर में छलांग लगाई, लेकिन पानी की अधिक गहराई और तेज बहाव के कारण उसे बचाया नहीं जा सका।
सूचना मिलने पर गोसाई की बाजार चौकी प्रभारी आशीष तिवारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और युवक की तलाश शुरू कराई गई। पूरी रात नहर में तलाश अभियान चलाया गया, लेकिन पानी अधिक होने के कारण सफलता नहीं मिल सकी। इसके बाद सिंचाई विभाग की मदद से नहर का पानी बंद कराया गया।
बुधवार सुबह करीब 9 बजे पानी का स्तर कम होने पर घटनास्थल के पास ही सूरज राम का शव बरामद कर लिया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बताया गया कि मृतक तीन भाइयों और दो बहनों में सबसे बड़ा था और पेंटिंग का काम कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी शादी करीब दो वर्ष पहले हुई थी और उसकी एक वर्ष की मासूम बेटी है।
युवक की अचानक मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। पत्नी, मां और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।








