best news portal development company in india

सरयू का बढ़ा जलस्तर, बाढ़ का खतरा गहराया; डिघिया नाले पर खतरे के निशान से 31 सेमी ऊपर पहुंचा पानी

SHARE:

पांच गांवों में नाव बनी आवागमन का सहारा, प्रशासन ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का किया निरीक्षण

सगड़ी (आजमगढ़)। सरयू नदी के बढ़ते जलस्तर ने सगड़ी तहसील क्षेत्र में बाढ़ की चिंता बढ़ा दी है। डिघिया नाले पर सरयू का जलस्तर खतरे के निशान से 31 सेंटीमीटर ऊपर पहुंच गया है। वहीं बदरहुआ नाले पर भी जलस्तर में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। नदी के बढ़ते पानी को देखते हुए तटवर्ती गांवों के ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है।

जलस्तर बढ़ने के कारण क्षेत्र के कई संपर्क मार्ग पानी में डूब गए हैं। मानिकपुर, सोनौरा, देवार, इस्माइलपुर और डिहिया समेत कई गांवों में लोगों के आवागमन का मुख्य सहारा अब नाव बन गई है। ग्रामीणों को जरूरी काम के लिए भी नाव के जरिए आवागमन करना पड़ रहा है।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम सगड़ी ने तहसीलदार के साथ बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति का जायजा लिया।

प्रशासन ने टूटे संपर्क मार्गों की मरम्मत के लिए संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। साथ ही बाढ़ प्रभावित गांवों में मच्छररोधी दवा और क्लोरीन पाउडर का छिड़काव कराने के निर्देश दिए गए हैं।

स्वास्थ्य विभाग को गांव-गांव कैंप लगाकर लोगों की जांच करने और जरूरत के अनुसार दवाओं का वितरण करने के लिए कहा गया है। प्रशासन ने बाढ़ चौकियों पर कर्मचारियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के भी सख्त निर्देश दिए हैं।

लगातार बढ़ते जलस्तर के बीच प्रशासन की नजर स्थिति पर बनी हुई है। तटवर्ती गांवों में ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है

Leave a Comment

Pelli Poola Jada
best news portal development company in india
सबसे ज्यादा पड़ गई