नाली के विवाद में युवक की हत्या, गांव में मचा हड़कंप
आजमगढ़। पवई थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत चकिया बखरिया में शुक्रवार की सुबह नाली और जमीन के विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हुई मारपीट में 30 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने गला दबाकर हत्या किए जाने का आरोप लगाते हुए तीन लोगों के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार चकिया बखरिया निवासी हरिओम पांडेय (30) पुत्र वीरेंद्र पांडेय का पड़ोसी रामलाल शर्मा से नाली को लेकर विवाद चल रहा था। शुक्रवार की सुबह इसी विवाद को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी के बाद मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि इसी दौरान हरिओम पांडेय का गला दबा दिया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
परिजन आनन-फानन में हरिओम को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पवई लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए मामले की छानबीन शुरू कर दी।
मृतक के पिता वीरेंद्र पांडेय की ओर से थाने में दी गई तहरीर में रामलाल शर्मा पुत्र सहदेव शर्मा, यदुवंश मणि त्रिपाठी पुत्र उमाकांत त्रिपाठी तथा चंदा शर्मा पत्नी गुड्डू शर्मा को नामजद किया गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बताया गया कि मृतक की पत्नी रंजना ने घटना से ठीक एक दिन पहले वाराणसी के एक निजी अस्पताल में ऑपरेशन के जरिए एक पुत्र को जन्म दिया था। परिवार में नवजात के जन्म की खुशी का माहौल था, लेकिन अगले ही दिन हरिओम की मौत से खुशियां मातम में बदल गईं।
घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी घटना को लेकर तनाव और चर्चाओं का माहौल है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।








