7,500 रुपये की मजदूरी मांगने पर प्रताड़ित करने का आरोप, रौनापार पुलिस ने तीन के खिलाफ दर्ज किया मुकदमा
रौनापार/आजमगढ़। रौनापार थाना क्षेत्र में मजदूरी मांगने को लेकर एक गरीब मजदूर के साथ मारपीट और प्रताड़ना का मामला सामने आया है। पीड़ित का आरोप है कि दबंगों ने उसे घर से घसीटकर गौशाला ले जाकर पेड़ से बांध दिया और चेहरे पर कालिख पोतकर मारपीट की। मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित मिथिलेश के मुताबिक, करीब 30 दिन पहले उसे गांव के रवी राय पुत्र स्व. श्रीप्रकाश राय की गौशाला में पशुओं की देखभाल के लिए 7,500 रुपये प्रतिमाह की मजदूरी पर रखा गया था। आरोप है कि एक माह पूरा होने के बाद 5 सितंबर को जब उसने अपनी मजदूरी मांगी तो रवी राय ने कथित तौर पर गाली-गलौज करते हुए उसे गौशाला से भगा दिया।
पीड़ित ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि 6 सितंबर की सुबह करीब 6 बजे रवी राय, उसका भाई संदीप राय और उनकी मां मंजू देवी उसके घर पहुंचे। आरोप है कि तीनों उसे घसीटते और मारते हुए गौशाला ले गए। वहां उसके चेहरे पर कालिख पोती गई और पेड़ से बांधकर लात-घूंसों से पीटा गया। पीड़ित का यह भी आरोप है कि उस पर चोरी का झूठा आरोप लगाया गया और जबरन गौशाला में काम कराने का दबाव बनाया गया।
घटना के बाद पीड़ित ने 7 सितंबर को रौनापार थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर तीनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है। पुलिस जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।








