1930 पर शिकायत के बाद कोतवाली साइबर टीम की तत्परता, शेष रकम वापस कराने का प्रयास जारी
आजमगढ़। डिलीवरी के नाम पर साइबर ठगी का शिकार हुई महिला को कोतवाली साइबर टीम ने राहत दिलाई है। महिला के खाते से ठगी गई रकम में से पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए 32 हजार रुपये वापस करा दिए हैं, जबकि शेष धनराशि की वापसी के लिए प्रयास जारी है।
जानकारी के अनुसार निराला नगर निवासी वंदना श्रीवास्तव पत्नी अश्वनी श्रीवास्तव के पास डिलीवरी के नाम पर फोन आया था। साइबर ठगों के झांसे में आकर महिला ने अलग-अलग माध्यम से कुल 1,26,999 रुपये भेज दिए। बाद में ठगी का एहसास होने पर उन्होंने तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत मिलते ही कोतवाली की साइबर टीम ने साइबर पोर्टल के माध्यम से कार्रवाई शुरू की। टीम ने संबंधित बैंक से समन्वय स्थापित कर ठगी की रकम में से 32,000 रुपये वापस कराने में सफलता हासिल की। पुलिस के अनुसार शेष धनराशि को भी वापस कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
साइबर टीम की तत्परता से मिली राहत
इस कार्रवाई में एसआई सागर कुमार रंगू, कांस्टेबल नीरज पटेल और राजन गौड़ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से पीड़िता को ठगी की रकम का एक हिस्सा वापस मिल सका।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति के फोन या मैसेज पर डिलीवरी, केवाईसी, बैंक खाते अथवा किसी अन्य बहाने से पैसे ट्रांसफर न करें। साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।









