best news portal development company in india

बेसो नदी में डूबे 12 वर्षीय बालक का शव बरामद !

SHARE:

एसडीआरएफ ने चलाया तलाशी अभियान, शव मिलते ही स्वजन में मचा कोहराम

लालगंज (आजमगढ़)। देवगांव कोतवाली क्षेत्र के चिरकिहिट (दुल्हीपुरा) गांव के पास बुधवार को बेसो नदी में डूबे 12 वर्षीय बालक का शव गुरुवार सुबह कड़ी मशक्कत के बाद बरामद कर लिया गया। एसडीआरएफ की टीम ने नदी में तलाशी अभियान चलाकर करीब 9:30 बजे शव को बाहर निकाला। शव मिलते ही स्वजन में कोहराम मच गया।

जानकारी के अनुसार, चिरकिहिट गांव निवासी अंश पुत्र अजय बुधवार को अपने बड़े भाई विकास (15) और गांव के अन्य बच्चों के साथ बेसो नदी पुल के पास नहाने गया था। अपराह्न करीब चार बजे नहाते समय अंश अचानक गहरे पानी में चला गया और डूब गया। उसे डूबता देख साथ मौजूद बच्चे घबरा गए। बड़ा भाई विकास किसी तरह नदी से बाहर निकला और घर पहुंचकर स्वजन को घटना की जानकारी दी।

घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी लालगंज भूपेश पांडेय, देवगांव कोतवाली प्रभारी सुनील कुमार सिंह, चौकी प्रभारी लालगंज रविंद्र पांडेय, एसआई हरिश्चंद्र यादव समेत पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय गोताखोरों की मदद से देर शाम तक नदी में बालक की तलाश की गई, लेकिन अंधेरा होने के कारण अभियान रोकना पड़ा।

गुरुवार सुबह एसडीआरएफ की टीम ने दोबारा नदी में तलाशी अभियान शुरू किया। करीब 9:30 बजे टीम को अंश का शव बरामद करने में सफलता मिली। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

अंश दो भाइयों में छोटा था। बेटे का शव मिलने के बाद मां नीतू का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना से परिवार में मातम पसरा है, वहीं गांव में भी शोक का माहौल बना हुआ है।

ZFM Times
Author: ZFM Times

Leave a Comment

Pelli Poola Jada
best news portal development company in india
सबसे ज्यादा पड़ गई