best news portal development company in india

अतरौलिया पुलिस ने अलग-अलग मामलों में पांच अभियुक्तों को किया गिरफ्तार

SHARE:

दहेज हत्या के दो मामलों में पति-ससुर समेत तीन दबोचे गए, पॉक्सो और छेड़खानी के आरोपी भी गिरफ्तार

अतरौलिया, आजमगढ़। अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अतरौलिया पुलिस ने सोमवार को चार अलग-अलग मुकदमों में वांछित पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में दहेज हत्या के दो मामलों में पति और ससुर समेत तीन आरोपी, नाबालिग किशोरी को भगाने व पॉक्सो एक्ट के मामले में एक आरोपी तथा छेड़खानी, मारपीट और धमकी के मामले में एक वांछित शामिल है। पुलिस ने सभी आरोपियों को आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया।

पुलिस के अनुसार, पहले दहेज हत्या के मामले में वादिनी रंजना प्रजापति ने अपनी ननद अंजली प्रजापति को अतिरिक्त दहेज में मोटरसाइकिल और सोने की चेन की मांग को लेकर प्रताड़ित करने तथा हत्या का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया था। मामले में उपनिरीक्षक सुरेंद्र कुमार की टीम ने वांछित अभियुक्त राजधारी उर्फ दिलीप (32) निवासी गजेंधरपट्टी भेदौरा को उसके घर के सामने से गिरफ्तार किया।

दूसरे दहेज हत्या के मामले में वादी संतोष सिंह ने अपनी पुत्री अंकिता सिंह से पांच लाख रुपये अतिरिक्त दहेज की मांग, उत्पीड़न और हत्या का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया था। इस मामले में उपनिरीक्षक विश्राम गुप्ता की टीम ने ग्राम लोहरा स्थित आवास से मृतका के पति आनंद प्रकाश सिंह (28) और ससुर दान बहादुर सिंह (53) को गिरफ्तार किया।

इसी क्रम में नाबालिग किशोरी को बहला-फुसलाकर भगाने और विवेचना के दौरान पॉक्सो एक्ट की धाराएं बढ़ाए जाने से संबंधित मुकदमे में उपनिरीक्षक विश्वजीत पाण्डेय की टीम ने रजत (22) निवासी भीलमपुर छपरा को रानीपुर तिराहे से गिरफ्तार किया।

वहीं, महिला के साथ छेड़खानी, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के मामले में वांछित शैलेश कुमार सिंह (38) निवासी सिहोरा को उपनिरीक्षक अखिलेश सिंह की टीम ने प्रताप नगर कॉलोनी, हीरापट्टी स्थित उसके अस्थायी ठिकाने से गिरफ्तार किया।

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार सभी आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। कार्रवाई में उपनिरीक्षक सुरेंद्र कुमार, उपनिरीक्षक विश्राम गुप्ता, उपनिरीक्षक विश्वजीत पाण्डेय, उपनिरीक्षक अखिलेश सिंह समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

Leave a Comment