ट्रेलर ने कार को 30 मीटर तक घसीटा, चालक पर मुकदमा
सोनभद्र। पिपरी थाना क्षेत्र के नौकोठिया के पास रविवार को हुए सड़क हादसे के मामले में पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर ट्रेलर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। हादसे में दो कारें क्षतिग्रस्त हुईं, जबकि एक कार चालक घायल हो गया अनपरा थाना क्षेत्र की एनपीसीसी कॉलोनी निवासी शाकिब अहमद ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह रविवार शाम करीब 6:30 बजे अपनी कार से अनपरा से ओबरा की ओर जा रहे थे। रिहंद डैम पुल पार कर नौकोठिया के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रहे ट्रेलर के चालक ने गलत दिशा में आकर उनकी कार में टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद ट्रेलर चालक ने कार को करीब 25 से 30 मीटर तक घसीटा और जान से मारने की धमकी दी। हादसे में शाकिब को गंभीर चोटें आईं। उनकी कार के पीछे चल रही होंडा अमेज भी ट्रेलर की चपेट में आ गई और करीब 40 मीटर तक घसीटती चली गई
बताया गया कि हादसे के समय सिंचाई विभाग के रिहंद बांध सिविल खंड के अधिशासी अभियंता व सहायक अभियंता समेत अन्य अधिकारी भी वाहन में सवार थे। वे रिहंद जलाशय का निरीक्षण कर लौट रहे थे हादसे के बाद ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया। ट्रेलर पर दर्ज मोबाइल नंबर पर संपर्क कर घटना की जानकारी ट्रांसपोर्ट कंपनी के प्रतिनिधियों को दी गई। पिपरी पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर ट्रेलर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।








