शाखा प्रबंधक की कार्यशैली के विरोध में खाताधारकों का प्रदर्शन, अनशन की चेतावनी
अहरौला, आजमगढ़। थाना क्षेत्र के बस्तीभुजबल स्थित यूनियन बैंक शाखा के प्रबंधक की कथित कार्यशैली से नाराज खाताधारकों ने शनिवार को लगातार दूसरे दिन बैंक के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने शाखा प्रबंधक पर मनमानी, अभद्रता और कमीशन मांगने का आरोप लगाते हुए उनके तत्काल स्थानांतरण की मांग की। खाताधारकों ने चेतावनी दी कि मांग पूरी नहीं होने पर वे बैंक के बाहर अनशन शुरू करेंगे प्रदर्शन में शामिल लोगों का आरोप है कि बैंक में लोन और अन्य बैंकिंग कार्यों को लेकर उन्हें परेशान किया जा रहा है। दर्जनों खाताधारकों ने शाखा प्रबंधक के खिलाफ कथित तौर पर कमीशन मांगने और अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए अहरौला थाने में तहरीर भी दी है विरोध प्रदर्शन में शामिल मनीषा पाल ने आरोप लगाया कि उन्होंने रोजगार के लिए नाबार्ड योजना के तहत यूनियन बैंक से 10 लाख रुपये का ऋण स्वीकृत कराया था। उनके अनुसार ऋण वर्ष 2024 में स्वीकृत हुआ और इसमें 45 प्रतिशत सब्सिडी मिलनी है। आरोप है कि फाइल आगे बढ़ाने के लिए उनसे 20 प्रतिशत कमीशन की मांग की गई तथा विरोध करने पर उनके साथ अभद्रता की गई।
रवि सिंह ने बताया कि उन्होंने वर्ष 2022 में रोजगार के लिए बैंक से ऋण लिया था।
उनके अनुसार सब्सिडी करीब साढ़े तीन वर्ष में क्रेडिट होनी थी, लेकिन फाइल अभी तक लंबित है। आरोप है कि पिछले करीब 15 दिनों से उन्हें बैंक के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं बस्तीभुजबल में स्टूडियो संचालित करने वाली शहनाज ने आरोप लगाया कि शाखा प्रबंधक द्वारा बिना भुगतान फोटोकॉपी कराने के लिए दबाव बनाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि उनके पिता सिरताज अहमद के नाम से लिए गए ऋण में करीब 1.70 लाख रुपये बकाया है। आरोप है कि शाखा प्रबंधक एकमुश्त भुगतान के लिए दबाव बना रहे हैं और ऐसा नहीं करने पर एफआईआर की धमकी दी गई अहरौला में टीवीएस शोरूम संचालित करने वाले रिशु सिंह ने आरोप लगाया कि उन्होंने पहले ही शाखा प्रबंधक को 50 हजार रुपये दिए थे। इसके बावजूद सीसी लिमिट बढ़ाने के लिए 20 प्रतिशत कमीशन की मांग की जा रही है इसी तरह केसीसी खाताधारक कप्तान सिंह ने आरोप लगाया कि उन्होंने समय से बैंक में राशि जमा की थी। उन्हें समय से भुगतान करने पर तीन प्रतिशत की छूट मिलने की जानकारी दी गई थी। उनके अनुसार नियम के तहत छूट मिलने के बाद कथित रूप से शाखा प्रबंधक ने तीन प्रतिशत की राशि खाते से वापस ले ली। इस संबंध में पूछने पर उनके साथ अभद्रता किए जाने का आरोप लगाया प्रदर्शनकारियों ने बैंक के उच्चाधिकारियों से पूरे मामले की जांच कराने और शाखा प्रबंधक का तत्काल स्थानांतरण करने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि मांग पूरी नहीं होने पर सभी खाताधारक बैंक के बाहर अनशन करेंगे प्रदर्शन के दौरान सुनील, बृजेश कुमार, बलवंत, दीपक, विकास, पवन समेत कई खाताधारक मौजूद रहे। वहीं लगाए गए आरोपों के संबंध में शाखा प्रबंधक अथवा बैंक के उच्चाधिकारियों का पक्ष समाचार लिखे जाने तक प्राप्त नहीं हो सका।








