आजमगढ़ सीएमओ के औचक निरीक्षण में सीएचसी-पीएचसी पर कई डॉक्टर-कर्मचारी मिले गायब, दो दिन में मांगा जवाब
आजमगढ़। जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन.आर. वर्मा ने शनिवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जिगनी और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मेंहनगर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दोनों स्वास्थ्य केंद्रों पर कई डॉक्टर और कर्मचारी अनुपस्थित मिले। इस पर सीएमओ ने संबंधित कर्मचारियों से दो दिन के भीतर लिखित स्पष्टीकरण मांगा है।
सीएचसी जिगनी में तीन कर्मचारी अनुपस्थित
सीएमओ ने सबसे पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जिगनी का निरीक्षण किया। इस दौरान उपस्थिति पंजिका की जांच में डॉ. अखिलेश, लैब टेक्नीशियन मृत्युंजय पाण्डेय और डेंटल हाइजीनिस्ट अमित कुमार ड्यूटी से अनुपस्थित मिले।
पीएचसी मेंहनगर में संविदा कर्मियों की गैरहाजिरी
इसके बाद सीएमओ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मेंहनगर पहुंचे। यहां नियमित कर्मचारी मौजूद मिले, जबकि संविदा पर तैनात कई कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए। इनमें राहुल शर्मा, राजू प्रजापति, अमित कुमार, अनिल कुमार गुप्ता, प्रवीण कुमार बर्नवाल और रविशंकर राय शामिल हैं।
इसके अलावा राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) से जुड़े डॉ. पीयूष सिंह, डॉ. किरण यादव, डॉ. संध्या सिंह, डॉ. सरफराज अहमद और डॉ. विपुल कुमार समेत कई डॉक्टर भी अनुपस्थित मिले। वार्ड ब्वाय मोहम्मद मोहसिन 8, 9 और 10 अक्टूबर को लगातार तीन दिन गैरहाजिर पाए गए।
दो दिन में स्पष्टीकरण देने का निर्देश
सीएमओ डॉ. एन.आर. वर्मा ने अनुपस्थित मिले सभी कर्मचारियों से दो दिन के भीतर लिखित स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित समय में जवाब नहीं देने या स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं पाए जाने पर संविदा कर्मचारियों का वेतन रोकने की संस्तुति के साथ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
लापरवाही पर होगी कार्रवाई
सीएमओ ने कहा कि सरकारी अस्पतालों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रत्येक चिकित्सक और कर्मचारी को समय से ड्यूटी पर पहुंचकर मरीजों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करानी होंगी। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र प्रभारियों को साफ-सफाई बनाए रखने, दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने और मरीजों का समय पर इलाज करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने के लिए आगे भी औचक निरीक्षण जारी रहेगा।








