आजमगढ़।। तरवां पुलिस ने फायरिंग के आरोपी हिस्ट्रीशीटर को किया गिरफ्तार, देसी पिस्टल और खोखा कारतूस बरामद
आजमगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना तरवां पुलिस ने हत्या की नीयत से पिस्टल से फायर करने के आरोप में हिस्ट्रीशीटर अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से .32 बोर की एक देसी पिस्टल और एक खोखा कारतूस बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, दिनांक 20 अक्टूबर 2026 को ग्राम सरायभादी निवासी जितेन्द्र यादव ने तहरीर देकर आरोप लगाया कि गांव के प्रिन्स यादव उर्फ गोलू ने उनके घर पर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की नीयत से पिस्टल से फायर किया तथा जान से मारने की धमकी दी।
तहरीर के आधार पर दिनांक 27 अक्टूबर 2026 को थाना तरवां में मु0अ0सं0 219/2026 के तहत धारा 109(1), 352 और 351(3) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस ने दिनांक 28 अक्टूबर 2026 को खरिहानी बाजार से आगे आजमगढ़ की ओर जाने वाले तिराहे से अभियुक्त प्रिन्स यादव उर्फ गोलू पुत्र राजेन्द्र यादव, निवासी सरायभादी, थाना तरवां, जनपद आजमगढ़ को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से .32 बोर की एक देसी पिस्टल और एक खोखा कारतूस बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार, अभियुक्त का आपराधिक इतिहास भी है।
मामले में थाना तरवां पुलिस द्वारा आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।








