वाहन की आरसी ट्रांसफर कराने के नाम पर तैयार किया था फर्जी नो ड्यूज सर्टिफिकेट, सिधारी पुलिस ने सुरजनपुर से किया गिरफ्तार
आजमगढ़। जनपद के थाना सिधारी पुलिस ने फर्जी नो ड्यूज सर्टिफिकेट (एनओसी) तैयार कर 5 लाख 75 हजार रुपये का लोन पास कराने और पूरी रकम हड़पने के मामले में वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को ग्राम सुरजनपुर से गिरफ्तार कर आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, विजय शंकर यादव पुत्र कोमल यादव निवासी हैदराबाद उर्फ छतवारा, थाना सिधारी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि अभियुक्त ने वाहन की आरसी स्थानांतरण कराने के नाम पर फर्जी नो ड्यूज सर्टिफिकेट तैयार किया और उनके नाम से 5 लाख 75 हजार रुपये का लोन पास कराकर पूरी धनराशि हड़प ली। पीड़ित की तहरीर के आधार पर थाना सिधारी में मुकदमा अपराध संख्या 315/2026 के तहत धारा 319(2), 318(4), 338, 336(3), 340(2), 352 एवं 351(3) बीएनएस में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी।
मुखबिर की सूचना पर सुरजनपुर से गिरफ्तारी
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार के निर्देश पर अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक नगर मानुष पारीक एवं क्षेत्राधिकारी नगर शुभम तोदी के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक थाना सिधारी के निर्देशन में पुलिस टीम गठित की गई।
इसी क्रम में 28 अक्टूबर 2026 को उपनिरीक्षक मनीष मिश्रा पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में मौजूद थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मुकदमे में वांछित आरोपी ग्राम सुरजनपुर में मौजूद है। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर रात करीब 20:15 बजे अभियुक्त अशोक गोंड उर्फ राहुल गोंड पुत्र राधेश्याम गोंड, उम्र करीब 29 वर्ष, निवासी मकान नंबर 225, रैदोपुर, थाना कोतवाली, जनपद आजमगढ़ को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे माननीय न्यायालय भेज दिया गया।








