एसपी के निर्देशन में एक महीने तक चलेगा अभियान, हेलमेट-सीट बेल्ट लगाने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील
आजमगढ़, 01 नवंबर 2026। जनपद में सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से रविवार को रिजर्व पुलिस लाइन में यातायात माह नवंबर-2026 का शुभारम्भ किया गया। कार्यक्रम के बाद जागरूकता रैली निकालकर लोगों को सड़क सुरक्षा का संदेश दिया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम का शुभारम्भ अपर पुलिस अधीक्षक यातायात पंकज श्रीवास्तव, एआरटीओ (प्रवर्तन) अतुल यादव, क्षेत्राधिकारी यातायात किरण पाल सिंह, प्रतिसार निरीक्षक रजनीकान्त ओझा और प्रभारी निरीक्षक यातायात संजय कुमार पाल ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

इसके बाद अपर पुलिस अधीक्षक यातायात पंकज श्रीवास्तव ने जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
रैली पुलिस लाइन से शुरू होकर कलेक्ट्रेट चौराहा, अग्रसेन चौराहा, विशाल मेगा मार्ट और घंटाघर सहित नगर के प्रमुख मार्गों एवं चौराहों से होते हुए पुनः पुलिस लाइन पहुंचकर समाप्त हुई।

इस दौरान लोगों को हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने, यातायात संकेतों का पालन करने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने तथा सुरक्षित तरीके से ओवरटेकिंग करने की जानकारी दी गई। साथ ही दोपहिया वाहन पर तीन सवारी न बैठाने और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने की अपील की गई।

अपर पुलिस अधीक्षक यातायात ने जनपदवासियों से यातायात नियमों का पालन कर स्वयं और दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की। कार्यक्रम में यातायात एवं जनपदीय पुलिस के अधिकारी-कर्मचारी, एनसीसी कैडेट्स और मीडिया प्रतिनिधि मौजूद रहे।

30 नवंबर तक चलेगा अभियान
यातायात माह का आयोजन 1 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक किया जाएगा। इस दौरान जागरूकता कार्यक्रमों के साथ यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध प्रवर्तन कार्रवाई भी की जाएगी।








