मुख्यमंत्री का कांग्रेस पर तीखा हमला, बोले- पंडित मदन मोहन मालवीय की मजबूत पैरवी से 151 लोगों को आरोपों से मिली थी मुक्ति
गोरखपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चौरी-चौरा की ऐतिहासिक धरती से कांग्रेस पर तीखा राजनीतिक हमला बोला। रविवार को आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर की कविता की पंक्ति ‘अंधा चकाचौंध का मारा, क्या जाने इतिहास बेचारा’ का उल्लेख करते हुए चौरी-चौरा कांड के इतिहास और स्वतंत्रता सेनानियों के बचाव में पंडित मदन मोहन मालवीय की भूमिका को याद किया मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि चौरी-चौरा की घटना में 172 लोगों को आरोपी बनाया गया था। इन क्रांतिकारियों को बचाने के लिए अधिवक्ता जवाहरलाल नेहरू नहीं आए थे, बल्कि पंडित मदन मोहन मालवीय ने उनकी मजबूत पैरवी की थी। उनकी पैरवी के चलते 151 लोगों को आरोपों से बाहर कराया गया उन्होंने कहा कि चौरी-चौरा की क्रांति ने कांग्रेसियों को हिला दिया था और उन्हें अपना आंदोलन रोक देना पड़ा था। मुख्यमंत्री ने इस ऐतिहासिक प्रसंग के माध्यम से कांग्रेस की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि इतिहास को सही तथ्यों के साथ समझने की आवश्यकता है।
समाजवादी पार्टी पर भी साधा निशाना
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में समाजवादी पार्टी को भी निशाने पर लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा सरकार के कार्यकाल में 10 लाख गुंडे पाले गए थे और 1500 दंगे करवाए गए थे। इसके विपरीत उन्होंने अपनी सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि उनकी सरकार ने 10 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी है योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था को मजबूत करने के साथ युवाओं को रोजगार और नौकरी के अवसर उपलब्ध कराए गए हैं। उन्होंने विपक्षी दलों पर प्रदेश की पुरानी स्थिति को लेकर भी सवाल उठाए मुख्यमंत्री के इस बयान के बाद कांग्रेस और समाजवादी पार्टी को लेकर प्रदेश की राजनीति में बयानबाजी तेज होने के आसार हैं।








