हत्यारे द्वारा बीएससी छात्र को ताबड़तोड़ आठ गोली मारी गई…..
वाराणसी। यूपी कॉलेज परिसर में शुक्रवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब दिनदहाड़े एक बीएससी छात्र की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हमलावर ने क्लासरूम के बाहर छात्र पर ताबड़तोड़ चार गोलियां दागीं और वारदात को अंजाम देने के बाद पिस्टल कूड़े के ढेर में फेंककर मौके से फरार हो गया। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक आरोपी भी उसी कॉलेज का छात्र बताया जा रहा है। घटना के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है।
यह वारदात सुबह करीब साढ़े 10 बजे कला एवं सामाजिक विज्ञान संकाय के बाहर हुई। गंभीर रूप से घायल छात्र सूर्य प्रताप सिंह (23) को तत्काल बीएचयू ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया, घटना के बाद कॉलेज परिसर में आक्रोश फैल गया। गुस्साए छात्रों ने जमकर हंगामा किया, कैंपस के अंदर कुर्सियां तोड़ीं और बाहर की दुकानों में तोड़फोड़ की। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने कॉलेज के गेट बंद कर दिए और आसपास की 150 से अधिक दुकानों को एहतियातन बंद करा दिया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए सात थानों की पुलिस फोर्स तैनात की गई है। वहीं, छात्र कॉलेज के बाहर धरने पर बैठ गए हैं और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।

मृतक छात्र की पहचान सूर्य प्रताप सिंह (23) निवासी गाजीपुर के रूप में हुई है। वह बीएससी सेकेंड ईयर का छात्र था और अपने परिवार का इकलौता बेटा था। उसके पिता ऋषि देव सिंह अतुलानंद स्कूल में वाहन चालक हैं, जबकि मां किरण सिंह उसी स्कूल में सहायिका के पद पर कार्यरत हैं। परिवार में दो बहनें भी हैं, जिनमें एक की शादी हो चुकी है।
बताया जा रहा है कि करीब 20 दिन पहले सूर्य प्रताप को चेचक हो गई थी, जिसके चलते वह कॉलेज नहीं आ रहा था। ठीक होने के बाद वह शुक्रवार को ही कॉलेज पहुंचा था, लेकिन कुछ ही देर बाद उसकी हत्या कर दी गई।

आरोपी की पहचान मंजीत के रूप में हुई है, जो बीए सेकेंड ईयर का छात्र है और वाराणसी के चांदमारी इलाके का रहने वाला बताया जा रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन मौके पर पहुंचे। बेटे का शव देखते ही मां बेसुध हो गईं, जिन्हें परिजनों और मौजूद लोगों ने संभाला। साथी छात्रों का भी रो-रोकर बुरा हाल था। एक छात्र ने भावुक होकर कहा, “हमके हमार भाई चाही।”

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल मौके पर पहुंचे और आक्रोशित छात्रों से बातचीत कर उन्हें सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपी की तलाश जारी है।









