best news portal development company in india

फार्मर रजिस्ट्री शत-प्रतिशत पूर्ण करने को विशेष अभियान तेज, डीएम ने की समीक्षा और कैंपों का निरीक्षण!

SHARE:

सठियांव के अंबाडी पंचायत भवन में आयोजित फार्मर रजिस्ट्री कैंपों का निरीक्षण….

आजमगढ़, 03 अप्रैल 2026। जनपद में फार्मर रजिस्ट्री कार्य को शत-प्रतिशत पूर्ण करने के लिए प्रशासन ने विशेष अभियान तेज कर दिया है। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने अवकाश के दिन कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए और इसके बाद विभिन्न विकासखंडों में लगाए गए विशेष कैंपों का स्थलीय निरीक्षण भी किया।

👉 जिलाधिकारी ने विकासखंड पल्हनी के प्राथमिक विद्यालय आजमपुर तथा सठियांव के अंबाडी पंचायत भवन में आयोजित फार्मर रजिस्ट्री कैंपों का निरीक्षण कर किसानों से संवाद किया। उन्होंने कृषकों को फार्मर रजिस्ट्री के महत्व और इससे मिलने वाले लाभों की जानकारी दी तथा मौके पर कई किसानों की रजिस्ट्री भी कराई।

👉 बैठक में डीएम ने बताया कि भारत सरकार और प्रदेश सरकार की प्राथमिकता योजना एग्रीस्टैक के तहत पीएम किसान योजना के लाभार्थियों समेत सभी भूमिधारक किसानों की फार्मर रजिस्ट्री की जा रही है। उन्होंने कहा कि जिन ग्राम पंचायतों में रजिस्ट्री का कार्य लंबित है, वहां विशेष कैंप लगाकर इसे शीघ्र पूरा किया जाएगा। इसके लिए जनपद के सभी विकासखंडों में 22 नोडल अधिकारियों की तैनाती की गई है, जो चिन्हित ग्राम पंचायतों में 03 अप्रैल से विशेष अभियान चलाकर कैंपों के माध्यम से किसानों की रजिस्ट्री सुनिश्चित करेंगे। अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे गांवों में भ्रमण कर किसानों को कैंप तक लाएं और अधिक से अधिक पंजीकरण कराएं।

👉 डीएम ने यह भी निर्देश दिए कि एडीओ (कृषि), एटीएम, बीटीएम, लेखपाल, ग्राम सचिव और पंचायत सहायक प्रतिदिन सुबह 8 बजे से कैंप में उपस्थित रहकर किसानों को सहयोग प्रदान करें। प्रतिदिन की प्रगति रिपोर्ट तैयार कर जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी को उपलब्ध कराई जाएगी।

👉 निरीक्षण के दौरान किसानों ने शिकायत की कि कुछ कार्मिक बिना स्थल सत्यापन किए गलत रिपोर्ट लगा देते हैं। इस पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताते हुए चेतावनी दी कि यदि बीटीएम, एटीएम या अन्य कार्मिकों द्वारा गलत सूचना या फर्जी रिपोर्ट लगाने की पुष्टि हुई तो उनके खिलाफ सख्त विधिक कार्रवाई की जाएगी।

👉 जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि कोई भी पात्र किसान फार्मर रजिस्ट्री से वंचित न रहे और प्रत्येक ग्राम पंचायत में अभियान चलाकर इसे शीघ्र पूरा किया जाए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी परीक्षित खटाना, मुख्य राजस्व अधिकारी संजीव ओझा सहित कृषि एवं अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

MANOJ GUPTA
Author: MANOJ GUPTA

Leave a Comment

Pelli Poola Jada
best news portal development company in india
सबसे ज्यादा पड़ गई