best news portal development company in india

पथराव कर भैस उठा ले गये पशु तस्कर, गांवों में दहशत!

SHARE:

नकाबपोश चोरों ने ईंट-पत्थर चलाकर एक भैंस लाद ली…

रिपोर्ट….डॉ . इम्तियाज अहमद         

जौनपुर ( प्योरलीफ)। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के छुंछा गांव में आधी रात को पिकअप सवार नकाबपोश चोरों ने ईंट-पत्थर चलाकर एक भैंस लाद ली, जबकि दूसरी भैंस को लादने के दौरान उसकी पूंछ टूट जाने से उसे छोड़कर फरार हो गए। पूरी घटना पास के पेट्रोल पंप के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। चार दिन के भीतर क्षेत्र में यह दूसरी बड़ी चोरी की घटना है। छुंछा गांव में पेट्रोल पंप के समीप रहने वाले राम शिरोमणि यादव का परिवार रात में भोजन के बाद सो गया था।

बरामदे में बंधी भैंसों को निशाना बनाते हुए देर रात सफेद पिकअप से पहुंचे अज्ञात बदमाशों ने एक भैंस खोलकर वाहन पर लाद ली। इसके बाद चोर पड़ोसी नंदू चैरसिया के घर पहुंचे और उनकी भैंस भी खोलकर ले जाने लगे। जब चोर भैंस को पिकअप पर चढ़ाने लगे तो भैंस जोर-जोर से चिल्लाने लगी। इस दौरान खींचतान में उसकी पूंछ टूट गई और खून बहने लगा। आवाज सुनकर आसपास के लोग जाग गए और टॉर्च लेकर दौड़े। खुद को घिरता देख चोरों ने ईंट-पत्थर चलाकर ग्रामीणों को डराया और घायल भैंस को वहीं छोड़कर राम शिरोमणि यादव की भैंस लेकर छबीलेपुर की ओर फरार हो गए।घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई।

ग्रामीणों ने पेट्रोल पंप के सीसीटीवी फुटेज में देखा कि सफेद पिकअप में भैंस लादकर बदमाश फरार हो रहे हैं। पीड़ित परिवार ने तत्काल डायल 112 पर सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन दिया। पीड़ित राम शिरोमणि यादव ने बताया कि उनकी भैंस कीमती थी। उन्होंने यह भी बताया कि एक सप्ताह पहले कुछ लोग खुद को व्यापारी बताकर भैंस खरीदने आए थे, लेकिन मना करने पर लौट गए थे। आशंका जताई जा रही है कि वही लोग घटना में शामिल हो सकते हैं।

इससे पहले कुकुड़ीपुर गांव में रामसागर यादव की भैंस चोरी के दौरान बदमाशों द्वारा फायरिंग करने की भी बात सामने आई थी। वहीं देवकली क्षेत्र में अशोक यादव की दो भैंसें भी चोरी हो चुकी हैं। लगातार हो रही घटनाओं से पशुपालकों में भय का माहौल है, जबकि पुलिस अब तक किसी भी मामले का खुलासा नहीं कर सकी है।

MANOJ GUPTA
Author: MANOJ GUPTA

Leave a Comment