शिकायत मिलने पर पुलिस ने की त्वरित कार्रवाई….
आजमगढ़। सरायमीर थाना क्षेत्र में नाबालिग किशोरी के साथ दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों के खिलाफ पाक्सो एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार,
15 मई 2026 को पीड़िता के परिजनों ने थाना सरायमीर में तहरीर देकर बताया कि 14 मई की रात उनकी नाबालिग बहन घर के बाहर गई थी। आरोप है कि पूर्व परिचित सागर पुत्र रामनारायण निवासी पुरब पट्टी थाना अहिरौला उसे बहला-फुसलाकर रितेश उर्फ बब्बी पुत्र रमेश निवासी बखरा थाना सरायमीर के घर ले गया। वहां दोनों ने मिलकर किशोरी के साथ जबरन दुष्कर्म किया। किसी तरह पीड़िता वहां से निकलकर घर पहुंची और परिजनों को घटना की जानकारी दी। तहरीर के आधार पर थाना सरायमीर में मु0अ0सं0 120/2026 के तहत धारा 137(2)/70 (2) बीएनएस एवं 5जी/6 पाक्सो एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी निरीक्षक भुवनेश कुमार चौबे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि डायल-112 इवेंट संख्या P15052601729 के माध्यम से पीआरवी-6215 पर तैनात पुलिसकर्मियों ने पहले ही दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर थाना सरायमीर पहुंचाया था।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक भुवनेश कुमार चौबे, कांस्टेबल विनोद प्रताप, कांस्टेबल विवेक गिरी, महिला आरक्षी प्रियंका प्रजापति, आरक्षी संदीप जायसवाल, हेड कांस्टेबल कर्ण कुमार यादव तथा कांस्टेबल राहुल कन्नौजिया शामिल रहे।









