आजमगढ़। यूपी एंटी टेररिस्ट स्क्वाड (एटीएस) ने जिले के निजामाबाद, संजरपुर और सरायमीर समेत कई थाना क्षेत्रों में बड़ी कार्रवाई करते हुए सात संदिग्धों को हिरासत में लिया है। इन पर सोशल मीडिया के जरिए पाकिस्तान से जुड़े लोगों के संपर्क में रहने का आरोप है। सुरक्षा एजेंसियां काफी समय से इनकी गतिविधियों पर नजर रखे हुए थीं।
हिरासत में लिए गए लोगों में मोहम्मद सैफ, अबुल फैज, मुकेश गौड़, नर्गिस, सावित्री देवी, मुनौव्वर और मोहम्मद राशिद शामिल हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ये लोग सोशल मीडिया ग्रुप्स के माध्यम से पाकिस्तान स्थित कुछ संदिग्ध हैंडलर्स से जुड़े थे।
सूत्रों के अनुसार, इन ग्रुप्स में कथित रूप से देश विरोधी और भड़काऊ संदेश साझा किए जाने की आशंका है। सुरक्षा एजेंसियों ने निगरानी के दौरान 60 से अधिक संदिग्ध लोगों की पहचान की थी, जिसके बाद कार्रवाई करते हुए सात लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की गई।
जांच एजेंसियां मामले के अन्य पहलुओं की भी पड़ताल कर रही हैं और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका खंगाली जा रही है। फिलहाल जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों की ओर से इस कार्रवाई पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी एटीएस और एनआईए की टीमें क्षेत्र में कई बार छापेमारी कर चुकी हैं।








