करतालपुर चौराहे पर चला सघन अभियान, 241 वाहनों का चालान
आजमगढ़। सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से सोमवार को थाना कोतवाली क्षेत्र के करतालपुर चौराहे पर पुलिस और यातायात विभाग की संयुक्त टीम ने विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 241 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चालान किए गए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए गए अभियान का नेतृत्व अपर पुलिस अधीक्षक (यातायात) पंकज कुमार श्रीवास्तव एवं सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) ने किया। अभियान में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली, यातायात निरीक्षक तथा क्रिटिकल कॉरिडोर टीम भी मौजूद रही।
चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने “ड्रंक एंड ड्राइव”, मॉडिफाइड साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न और अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन पर सख्ती दिखाई। संदिग्ध वाहनों की गहन जांच की गई, वहीं वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक भी किया गया।
अभियान के तहत 11 वाहनों का ड्रंक एंड ड्राइव, 25 वाहनों का प्रेशर हॉर्न लगाने, 19 वाहनों का मॉडिफाइड साइलेंसर, 41 वाहनों का सीट बेल्ट न लगाने तथा 2 वाहनों का ब्लैक फिल्म लगाने के आरोप में चालान किया गया। इसके अलावा अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन में 143 वाहनों पर कार्रवाई की गई।
अपर पुलिस अधीक्षक (यातायात) पंकज कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण और यातायात अनुशासन बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। उन्होंने लोगों से शराब पीकर वाहन न चलाने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की।








