best news portal development company in india

मदरसा बोर्ड के मेधावियों को मिलेगा योगी सरकार का सम्मान, टॉप-10 छात्र-छात्राओं को दिए जाएंगे टैबलेट

SHARE:

मदरसा बोर्ड के मेधावियों को मिलेगा योगी सरकार का सम्मान, टॉप-10 छात्र-छात्राओं को दिए जाएंगे टैबलेट

उत्तर प्रदेश की योगी सरकार मदरसा शिक्षा को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाने जा रही है। प्रदेश मदरसा शिक्षा बोर्ड परीक्षा 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को राजधानी लखनऊ में सम्मानित किया जाएगा। मुंशी-मौलवी (सेकेंडरी) और आलिम (सीनियर सेकेंडरी) परीक्षा के टॉप-10 छात्र-छात्राओं को सरकार की ओर से टैबलेट प्रदान किए जाएंगे। इसके लिए जून के प्रथम सप्ताह में लखनऊ में एक विशेष सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा।

वर्ष 2026 की उत्तर प्रदेश मदरसा बोर्ड परीक्षा में कुल 80,933 छात्र-छात्राएं पंजीकृत थे। इनमें से 63,211 परीक्षार्थियों ने परीक्षा में भाग लिया, जबकि 55,788 छात्र-छात्राएं सफल घोषित हुए। मुंशी-मौलवी वर्ग में चंदौली के मोहम्मद वसीम ने प्रथम, मिर्जापुर के मोहम्मद कासिम अली ने द्वितीय तथा गोरखपुर की सायेमा परवीन ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं आलिम वर्ग में वाराणसी की जुमी फरीन और शाइस्ता परवीन के साथ अमरोहा की उम्मुल खैर ने शीर्ष तीन स्थानों पर कब्जा जमाया।

अल्पसंख्यक कल्याण, मुस्लिम वक्फ एवं हज राज्य मंत्री दानिश आजाद अंसारी ने कहा कि मदरसा शिक्षा को आधुनिक तकनीक से जोड़ने का सरकार का प्रयास लगातार जारी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘एक हाथ में कुरान और एक हाथ में कंप्यूटर’ के विजन को प्रदेश सरकार जमीनी स्तर पर लागू करने की दिशा में कार्य कर रही है। उनका कहना है कि इस पहल से मदरसा छात्रों को आधुनिक शिक्षा और डिजिटल तकनीक से जुड़ने का बेहतर अवसर मिलेगा।

Leave a Comment