आजमगढ़: UP TET परीक्षा को नकलविहीन बनाने के लिए डीएम-एसएसपी का औचक निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
आजमगढ़। उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (UP TET) को निष्पक्ष, पारदर्शी और नकलविहीन वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने रविवार को जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी, बायोमेट्रिक सत्यापन, परीक्षार्थियों की प्रवेश प्रक्रिया तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की। अधिकारियों ने परीक्षा कक्षों का निरीक्षण कर परीक्षार्थियों से संवाद भी किया और ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों को परीक्षा संबंधी सभी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिन परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया गया उनमें राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, आजमगढ़ तथा अग्रसेन कन्या इंटर कॉलेज शामिल रहे।
जिलाधिकारी ने केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों में मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और अन्य प्रतिबंधित सामग्री के प्रवेश पर पूरी तरह रोक सुनिश्चित की जाए। वहीं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने केंद्रों के बाहर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, लगातार निगरानी और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा के दौरान नकल, फर्जी अभ्यर्थियों और किसी भी प्रकार की अनियमितता के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी। इसके लिए पूरे जनपद में व्यापक सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था लागू की गई है, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न हो सके।








