मारपीट व जानलेवा हमले के मामले में दो वांछित गिरफ्तार, घटना में प्रयुक्त डंडे बरामद
आजमगढ़, 11 जुलाई। बिलरियागंज थाना पुलिस ने मारपीट एवं जानलेवा हमले के मामले में वांछित दो आरोपितों को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त दो डंडे बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपितों को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार 5 जुलाई को एक महिला ने थाना बिलरियागंज में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि पुरानी रंजिश को लेकर नामजद और अन्य लोग उसके प्रतिष्ठान पर पहुंचे तथा गाली-गलौज करने के बाद जियाउद्दीन, अलाउद्दीन समेत अन्य लोगों पर लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला कर दिया। इस हमले में कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे। मामले में थाना बिलरियागंज पर मुकदमा संख्या 183/2026 धारा 3(5), 115(2), 109(1), 352 एवं 351(3) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
विवेचना के दौरान 10 जुलाई को थानाध्यक्ष अमित कुमार मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम छिछोरी स्थित नहर पुलिया के पास से वांछित आरोपित जावेद अहमद पुत्र सेराज अहमद तथा मो. कैफ पुत्र शाहबाज अहमद, निवासी एकराम नगर, कस्बा एवं थाना बिलरियागंज को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में दोनों आरोपितों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए बताया कि मारपीट में प्रयुक्त डंडों को नहर पुलिया के पास झाड़ियों में छिपा दिया था। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त दो डंडे बरामद कर लिए।
पुलिस ने बताया कि आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद दोनों आरोपितों को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष अमित कुमार मिश्रा, उपनिरीक्षक रतन सिंह पटेल तथा थाना बिलरियागंज के अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।








