नवागत एसडीएम बलिराम गुप्ता ने संभाला मार्टिनगंज का कार्यभार, निष्पक्ष न्याय का दिया भरोसा
आजमगढ़। मार्टिनगंज तहसील में नवागत उपजिलाधिकारी (एसडीएम) बलिराम गुप्ता ने सोमवार को विधिवत पदभार ग्रहण कर लिया। कार्यभार संभालने के बाद उन्होंने तहसील बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ परिचयात्मक बैठक की और न्यायालयों का नियमित संचालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने अधिवक्ताओं से अधिक से अधिक न्यायालय चलाने में सहयोग की अपील की, ताकि लंबित वादों का समयबद्ध निस्तारण हो सके और दूर-दराज से आने वाले वादकारियों को शीघ्र न्याय मिल सके।
इसके बाद एसडीएम ने तहसील के पत्रकारों एवं मीडिया प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर प्रशासनिक कार्यों में सकारात्मक सहयोग की अपेक्षा जताई। उन्होंने कहा कि शासन ने उन्हें मार्टिनगंज में सेवा का अवसर दिया है और उनकी प्राथमिकता क्षेत्र की जनता, पीड़ितों एवं वादकारियों को निष्पक्ष एवं समयबद्ध न्याय उपलब्ध कराना है।
एसडीएम बलिराम गुप्ता ने बताया कि वह 2022 बैच के पीसीएस अधिकारी हैं और विभिन्न तहसीलों में सेवाएं देने के बाद अब मार्टिनगंज में तैनात हुए हैं। उन्होंने कहा कि प्रतिदिन होने वाली जनसुनवाई में आने वाली शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से निस्तारण कराया जाएगा, ताकि लोगों को न्याय के लिए भटकना न पड़े।
बैठक के दौरान पत्रकारों ने आईजीआरएस पोर्टल पर कुछ मामलों में कर्मचारियों द्वारा कथित रूप से गलत जांच रिपोर्ट लगाए जाने का मुद्दा उठाया। इस पर एसडीएम ने कहा कि ऐसी सभी शिकायतों की मौके पर जाकर जांच कराई जाएगी। यदि किसी अधिकारी या कर्मचारी द्वारा गलत जांच आख्या लगाए जाने की पुष्टि होती है तो उसकी जवाबदेही तय करते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने धारा 116/24 से संबंधित मामलों तथा जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्रों के लंबित प्रकरणों पर भी चर्चा की। एसडीएम ने कहा कि साक्ष्यों के अभाव में लंबित पड़ी फाइलों की समीक्षा कर शीघ्र निस्तारण कराया जाएगा, जिससे आम जनता को राहत मिल सके।








