एसडीएम ने पशु चिकित्सा वाहनों को दिखाई हरी झंडी, गांव-गांव पहुंचेगी उपचार सुविधा
मार्टीनगंज (आजमगढ़)। पशुओं को खुरपका-मुंहपका सहित अन्य संक्रामक रोगों से बचाने और ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर पशु चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बुधवार को उपजिलाधिकारी मार्टीनगंज बलराम गुप्ता ने दो मोबाइल पशु चिकित्सा वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
एसडीएम बलराम गुप्ता ने बताया कि इन वाहनों के माध्यम से गौशालाओं में बीमार पशुओं का उपचार किया जाएगा तथा पशुपालकों को भी उनके क्षेत्र में ही पशु चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने कहा कि पशु चिकित्सकों की निगरानी में बीमार पशुओं का समयबद्ध उपचार होने से पशुओं को गंभीर बीमारियों से बचाने में मदद मिलेगी और पशुपालकों को इलाज के लिए अनावश्यक परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।
वाहनों के रवाना होने के दौरान तहसील परिसर में मौजूद वादकारियों और अधिवक्ताओं ने भी कार्यक्रम में सहभागिता निभाई।
इस अवसर पर बद्रिका प्रसाद यादव, अमरनाथ यादव, श्रीपति यादव, डॉ. अजय सिंह, अनिल यादव, रोहित, प्रवीण सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।








