टायर फटने से ट्रांसफार्मर के पोल से टकराया पेट्रोल-डीजल से भरा टैंकर, आग में तीन की जिंदा जलकर मौत
आजमगढ़: के जीयनपुर क्षेत्र में सोमवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में पेट्रोल और डीजल से भरे टैंकर में आग लगने से चालक, खलासी और पेट्रोल पंप के मुंशी की जिंदा जलकर मौत हो गई। हादसा रात करीब 10:30 बजे जीयनपुर के मलतारी-मिर्जापुर मार्ग स्थित विद्युत उपकेंद्र के पास हुआ।जानकारी के अनुसार, टैंकर सोमवार शाम करीब 7 बजे देवरिया डिपो से 15,000 लीटर पेट्रोल और 5,000 लीटर डीजल लेकर बिलरियागंज के अंडाकोर स्थित श्रेया पेट्रोल पंप के लिए रवाना हुआ था। रास्ते में टैंकर का दाहिना टायर फटने से चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। अनियंत्रित टैंकर सड़क किनारे लगे ट्रांसफार्मर के पोल से टकराकर पलट गया। टक्कर से ट्रांसफार्मर गिर पड़ा और निकली चिंगारी से टैंकर में भीषण आग लग गई।हादसे में चालक रामू यादव, खलासी पतिराज प्रसाद (दोनों महाराजगंज निवासी) तथा पेट्रोल पंप के मुंशी प्रदीप कुमार (मेंहनगर, आजमगढ़ निवासी) की मौके पर ही जिंदा जलकर मौत हो गई। आग की भयावहता के कारण स्थानीय लोग चाहकर भी उन्हें बचा नहीं सके।सूचना पर आजमगढ़ शहर समेत आसपास के क्षेत्रों से दमकल विभाग की आठ गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे में ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त होने से 18 गांवों की विद्युत आपूर्ति भी बाधित हो गई।एसडीएम संजीव कुमार ने बताया कि मृतकों के परिजनों को राज्य आपदा मोचक निधि से चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। वहीं, एसपी चिराग जैन ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच कराई जा रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।








