आजमगढ़ में UPSSSC परीक्षा में नकल कराने वाले गिरोह का तीसरा आरोपी गिरफ्तार
आजमगढ़। कोतवाली पुलिस ने UPSSSC प्राविधिक मुख्य परीक्षा में इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के जरिए नकल कराने के मामले में गिरोह के तीसरे आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक सैमसंग मोबाइल फोन बरामद किया है। मामले में इससे पहले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
पुलिस के मुताबिक, 9 अगस्त 2026 को शिब्ली नेशनल इंटर कॉलेज में UPSSSC प्राविधिक मुख्य परीक्षा आयोजित हो रही थी। ब्लॉक-A के एक परीक्षा कक्ष में अभ्यर्थी आलोक पटेल की गतिविधियां संदिग्ध मिलने पर तलाशी ली गई। उसके पास से कान में लगा हियरिंग डिवाइस और कपड़ों में छिपा ब्लूटूथ डिवाइस बरामद हुआ। उपकरणों में सिम कार्ड और बैटरियां भी लगी थीं।
पूछताछ में सामने आया कि अभ्यर्थी को परीक्षा के दौरान बाहर से उत्तर बताने की योजना थी। मामले में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। पूर्व में आलोक पटेल और विरेन्द्र कुमार राय उर्फ बाबू को गिरफ्तार किया जा चुका है।
इसी मामले में एसएसपी आजमगढ़ के निर्देशन में चल रहे अभियान के तहत उपनिरीक्षक अभिषेक कुमार मिश्रा की टीम को सूचना मिली। 13 अगस्त 2026 को करीब 1:20 बजे पुलिस ने नरौली तिराहा बंधा मोड़ के पास से कुश पटेल (27) पुत्र बेचन राम पटेल, निवासी सिहोरवा, थाना जन्सा, वाराणसी को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से सैमसंग मोबाइल बरामद हुआ।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि परीक्षा से एक दिन पहले विरेन्द्र उर्फ बाबू ने उससे संपर्क किया था। इसके बाद वह अरविन्द राय के संपर्क में आया। पुलिस के अनुसार, गिरोह ने अभ्यर्थी को इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के जरिए परीक्षा में नकल कराने की तैयारी कराई थी और इसके बदले 6 लाख रुपये लेने की बात तय हुई थी।
पुलिस का कहना है कि परीक्षा के दिन कुश पटेल अपने साथियों के साथ आलोक पटेल को वाराणसी से आजमगढ़ लेकर आया था। अभ्यर्थी परीक्षा केंद्र के अंदर चला गया, जबकि अन्य लोग बाहर इंतजार कर रहे थे। अभ्यर्थी के पकड़े जाने के बाद पुलिस की गतिविधियां बढ़ीं तो आरोपी मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।








