आजमगढ़: हॉर्न बजाने को लेकर युवक पर हमला, दो आरोपी गिरफ्तार
अहरौला/आजमगढ़। हॉर्न बजाने को लेकर हुए विवाद में युवक के साथ मारपीट कर उसे घायल करने के मामले में अहरौला पुलिस ने दो वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल लोहे का बाट भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 25 अगस्त को सूर्य प्रकाश शुक्ला निवासी गोपरी चांदपुर, जैतपुर, अंबेडकरनगर ने शिकायत दर्ज कराई थी। बताया गया कि निजामपुर बाजार जाते समय कुछ युवक शराब पी रहे थे। रास्ते में हॉर्न बजाने को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए 500 ग्राम के लोहे के बाट से सिर पर हमला कर दिया।
शिकायत के आधार पर अहरौला थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई। एसएसपी के निर्देश पर पुलिस टीम ने 27 अगस्त सुबह करीब 6:15 बजे रुपाईपुर ढाला से अजय यादव उर्फ मंटू निवासी मकदूमपुर और अरुण यादव निवासी तरकुलहा को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लोहे का बाट बरामद किया है। दोनों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।








