नकदी और जेवर लेकर तीन बच्चों की मां प्रेमी संग फरार
अतरौलिया, आजमगढ़। महादेवपुर (सेनपुर) गांव में तीन बच्चों की मां के गांव के ही एक युवक के साथ फरार होने का मामला सामने आया है। महिला के पति ने आरोप लगाया है कि उसकी पत्नी घर में रखे करीब दो लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवर और 10 हजार रुपये नकद लेकर युवक के साथ चली गई। वह अपनी सात वर्षीय बेटी को भी साथ ले गई, जबकि दो बेटे घर पर रह गए।

महादेवपुर निवासी भोला शर्मा उर्फ हरिंदर शर्मा पुत्र दयाशंकर शर्मा ने अतरौलिया थाने में दी तहरीर में आरोप लगाया कि 11 सितंबर को गांव का ही त्रिपुरारी शर्मा उर्फ अनी शर्मा पुत्र रमाकांत शर्मा उसकी पत्नी शोभा शर्मा को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। पति के मुताबिक, घर से जाते समय पत्नी करीब दो लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और 10 हजार रुपये नकद भी ले गई।
तहरीर के अनुसार भोला के तीन बच्चे अभय (13), आदित्य (10) और अवनी (7) हैं। आरोप है कि शोभा अपनी सात वर्षीय बेटी अवनी को साथ ले गई, जबकि दोनों बेटे घर पर हैं। पति ने आरोपी युवक के पिता रमाकांत शर्मा और मां उर्मिला शर्मा पर भी मामले में शामिल होने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है।
भोला शर्मा का कहना है कि उसकी पत्नी और आरोपी युवक के बीच पिछले कई महीनों से बातचीत चल रही थी। उसने इस संबंध का विरोध करते हुए युवक के परिजनों से शिकायत भी की थी। आरोप है कि इसी दौरान आरोपी के परिजनों ने उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।
पीड़ित पति ने पुलिस से मुकदमा दर्ज कर पत्नी और बेटी की बरामदगी तथा घर से ले जाए गए जेवर और नकदी वापस दिलाने की मांग की है।
थानाध्यक्ष देवेंद्र नाथ दुबे ने बताया कि तहरीर प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।








