एसएसपी डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में आयोजित जनसुनवाई में पहुंचे विभिन्न क्षेत्रों के फरियादी

आजमगढ़, 25 सितंबर 2026। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में शुक्रवार को पुलिस कार्यालय आजमगढ़ में जनसुनवाई का आयोजन किया गया। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे फरियादियों की शिकायतों एवं समस्याओं को अधिकारियों ने गंभीरतापूर्वक सुना।
जनसुनवाई में अपर पुलिस अधीक्षक यातायात पंकज श्रीवास्तव, क्षेत्राधिकारी कार्यालय अजय प्रताप सिंह तथा क्षेत्राधिकारी कौस्तुभ त्रिपाठी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने फरियादियों की ओर से प्रस्तुत किए गए प्रकरणों को ध्यानपूर्वक सुना और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि प्रत्येक शिकायत का निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही शिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता बनाए रखने तथा पीड़ित पक्ष को प्रभावी न्याय दिलाने पर विशेष जोर दिया गया।पुलिस अधिकारियों ने संबंधित विभागों एवं थाना स्तर के अधिकारियों को शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।
आजमगढ़ पुलिस की ओर से कहा गया कि आमजन की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान तथा पुलिस के प्रति जनविश्वास को और मजबूत करने के लिए जनसुनवाई की प्रक्रिया निरंतर जारी रहेगी।








