भारी बारिश और आंधी से जगह-जगह गिरे पेड़, बिजली के खंभे और कच्चे मकान; प्रशासन ने संभाला मोर्चा

आजमगढ़। जनपद में बीती रात से लगातार हो रही भारी बारिश और तेज आंधी-तूफान के चलते कई इलाकों में पेड़, बिजली के खंभे और कच्चे मकान गिरने की घटनाएं सामने आईं। घटनाओं की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन ने तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित विभागों की टीमों को मौके पर भेजकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।

जिलाधिकारी के निर्देशन में राजस्व, वन, विद्युत और पुलिस विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की संयुक्त टीमें आवश्यकतानुसार प्रभावित स्थानों पर पहुंचीं। टीमों ने सड़कों पर गिरे पेड़ों और बिजली के खंभों को हटाकर बाधित मार्गों पर आवागमन बहाल कराया।

महाराजगंज मोड़ के पास भी पेड़ गिरने की सूचना पर प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई की। कार पर पेड़ गिरने की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी के निर्देश पर बचाव एवं राहत टीम को मौके पर भेजा गया। टीम द्वारा पेड़ को हटाने का कार्य कर मार्ग को दोबारा सुचारू कराया गया।

इसी क्रम में छतवारा से ऊंची गोदाम जाने वाले मार्ग तथा शेखूपुर से मेहनगर जाने वाले मार्ग पर गिरे पेड़ों को भी वन विभाग की टीम ने तत्काल हटाया। पेड़ हटाए जाने के बाद दोनों मार्गों पर आवागमन सुचारू रूप से जारी है।

जिला प्रशासन के मुताबिक, लगातार बारिश और तेज हवाओं के कारण जनपद के विभिन्न हिस्सों से पेड़, बिजली के खंभे और कच्चे मकानों को नुकसान पहुंचने की सूचनाएं प्राप्त हो रही हैं। प्रशासन द्वारा ऐसी प्रत्येक सूचना पर तत्काल कार्रवाई की जा रही है। जहां कच्चे मकान गिरने की सूचना मिल रही है, वहां प्रभावित लोगों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की कार्रवाई की जा रही है।

प्रशासन ने कहा है कि आमजन को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए संबंधित विभागों को पूरी तरह सतर्क रखा गया है। मार्गों पर गिरे पेड़ों एवं अन्य अवरोधों को हटाने का कार्य लगातार जारी है, ताकि यातायात व्यवस्था सामान्य बनी रहे।








