आजमगढ़ में साइबर फ्रॉड: खाते से कटे ₹1.69 लाख, पुलिस ने ₹10 हजार वापस कराए
आजमगढ़। थाना कोतवाली क्षेत्र के तकिया पहाड़पुर निवासी अबु हमजा के बैंक खाते से उनकी जानकारी के बिना ₹1,69,500 की धनराशि कटने का मामला सामने आया। घटना की जानकारी होने के बाद पीड़ित ने तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत मिलते ही थाना कोतवाली की साइबर टीम ने त्वरित कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने एमआरएम पोर्टल के माध्यम से कार्रवाई करते हुए ठगी की रकम में से ₹10,000 पीड़ित के बैंक खाते में वापस करा दिए।पुलिस के मुताबिक, साइबर अपराध की घटनाओं में समय पर शिकायत करना बेहद महत्वपूर्ण है। खाते से बिना जानकारी के रकम कटने की स्थिति में पीड़ित को देरी किए बिना 1930 पर कॉल करना चाहिए। इसके अलावा cybercrime.gov.in पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराने के साथ संबंधित बैंक को भी तत्काल सूचना देनी चाहिए।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी तरह की साइबर ठगी होने पर घबराएं नहीं और तत्काल साइबर हेल्पलाइन या नजदीकी थाने की साइबर हेल्प डेस्क से संपर्क करें।
कार्रवाई करने वाली टीम, उपनिरीक्षक सागर कुमार रंगू, कांस्टेबल नीरज पटेल और कांस्टेबल राजन कुमार गौड़, थाना कोतवाली, आजमगढ़।








