आजमगढ़ 7 वर्षीय बच्ची से अशोभनीय कृत्य के आरोप में युवक गिरफ्तार, पॉक्सो एक्ट में कार्रवाई
आजमगढ़। कन्धरापुर थाना क्षेत्र में 7 वर्षीय बच्ची के साथ अशोभनीय कृत्य के आरोप में पुलिस ने करीब 30 वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 75(1)(i) और पॉक्सो एक्ट की धारा 9m/10 के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, 25 सितंबर 2026 को पीड़िता की मां ने थाना कन्धरापुर में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि गांव के दिनेश उर्फ भूलन पुत्र मान, निवासी हरखुपूर, ने उनकी 7 वर्षीय पुत्री के साथ बुरी नीयत से अशोभनीय कृत्य किया। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा संख्या 232/2026 दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस ने पीड़िता के बयान भी दर्ज किए।
मामले में वांछित आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम ने कार्रवाई की। 27 सितंबर को करीब 11:15 बजे उपनिरीक्षक प्रमोद मद्धेशिया ने हमराह पुलिसकर्मियों के साथ आरोपी को आजमपुर बाजार से सियरहा की ओर जाने वाले मार्ग के किनारे से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक प्रमोद मद्धेशिया, हेड कांस्टेबल अजय कन्नौजिया और कांस्टेबल ऋषि कुमार शामिल रहे।








