सेवा सेतु अभियान के शिविर में पहुंचे डीएम, पात्र लाभार्थियों का कराया पंजीकरण
आजमगढ़। विकासखंड साठियाव में सेवा सेतु अभियान के अंतर्गत आयोजित पांच दिवसीय बहुउद्देशीय शिविर मेला में जिलाधिकारी रविंद्र कुमार पहुंचे। जिलाधिकारी ने शिविर में लगाए गए विभिन्न विभागों के स्टॉल का निरीक्षण किया और अधिकारियों से योजनाओं की प्रगति एवं लाभार्थियों को दी जा रही सुविधाओं की जानकारी ली।

इस दौरान जिलाधिकारी ने विभिन्न सरकारी योजनाओं से वंचित रह गए पात्र लोगों से संवाद किया और संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि पात्र लोगों का आवश्यकतानुसार योजनाओं में पंजीकरण कराते हुए उन्हें शासन की योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं का उद्देश्य समाज के प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक सहायता पहुंचाना है। किसी भी पात्र व्यक्ति को जानकारी के अभाव में योजना के लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए।

शिविर में विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से ग्रामीणों को सरकार द्वारा संचालित योजनाओं, पेंशन, आवास, राशन, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, कृषि, रोजगार सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। अधिकारियों और कर्मचारियों ने मौके पर लोगों की समस्याओं को सुना तथा पात्रता के अनुसार आवश्यक प्रक्रिया पूरी कराने में सहयोग किया।
जिलाधिकारी ने शिविर में पहुंचे ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं भी जानीं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में प्राप्त आवेदनों और शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए। उन्होंने कहा कि सेवा सेतु अभियान का उद्देश्य सरकारी योजनाओं और आमजन के बीच की दूरी को कम करना है, ताकि जरूरतमंद लोगों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और उन्हें एक ही स्थान पर विभिन्न सेवाओं का लाभ मिल सके।

कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने शिशुओं को प्यार-दुलार करते हुए अन्नप्राशन संस्कार भी कराया। उन्होंने बच्चों और उनके परिजनों से बातचीत की तथा मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य एवं पोषण को लेकर आवश्यक जानकारी भी ली।
जिलाधिकारी ने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ जन-जन तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अभियान के माध्यम से अधिक से अधिक पात्र लोगों तक पहुंच बनाते हुए उन्हें योजनाओं से जोड़ा जाए। उन्होंने ग्रामीणों से भी अपील की कि वे शिविर में पहुंचकर उपलब्ध योजनाओं की जानकारी लें और पात्रता होने पर संबंधित योजना के लिए अपना पंजीकरण अवश्य कराएं।

शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर विभिन्न विभागों की सेवाओं और योजनाओं की जानकारी प्राप्त की। अधिकारियों ने लोगों को शासन की योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवश्यक प्रक्रिया और दस्तावेजों के संबंध में भी जानकारी दी।








