गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप, एससी/एसटी एक्ट समेत गंभीर धाराओं में दर्ज था मुकदमा
आजमगढ़। शहर कोतवाली क्षेत्र के सरायमंदराज स्थित रेड रोज होटल में होटल संचालक और कर्मचारियों के साथ मारपीट, गाली-गलौज एवं जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने दो वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ एससी/एसटी एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज था।
पुलिस के अनुसार, होटल संचालक आनन्द सोनकर पुत्र कमलेश सोनकर, निवासी कटघर, सदर आजमगढ़ ने थाना कोतवाली में तहरीर दी थी। आरोप है कि 4 अक्टूबर 2026 की रात करीब 9 बजे अंकित यादव उर्फ जोनी, पिन्टू यादव, मगानू यादव और उनके साथ आए अन्य लोग रेड रोज होटल पहुंचे थे। आरोपियों ने होटल में चखना और कमरा मांगा।
तहरीर के मुताबिक, अधिक शराब पीने के कारण होटल संचालक ने कमरा देने से मना कर दिया। इस बात को लेकर आरोपियों ने हंगामा करते हुए होटल संचालक और स्टाफ के साथ गाली-गलौज और मारपीट की। साथ ही जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है।
मामले में पुलिस ने तहरीर के आधार पर मु0अ0सं0 525/2026 के तहत धारा 115(2), 352, 351(3), 3(5), 125 बीएनएस एवं धारा 3(1)द, 3(1)ध, 3(2)5ए एससी/एसटी एक्ट में मुकदमा दर्ज किया था।
राजघाट के पास से दोनों गिरफ्तार
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कोतवाली पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई की। पुलिस टीम ने 7 अक्टूबर 2026 को राजघाट, सरायमंदराज के पास से मुकदमे में वांछित दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पिन्टू उर्फ धीरज कुमार यादव पुत्र रामलखन यादव, निवासी मधनापार, थाना बिलरियागंज, उम्र करीब 35 वर्ष और अरबिन्द उर्फ मगानू पुत्र दुर्वाषा यादव, निवासी चकभारी, थाना सिधारी, उम्र करीब 29 वर्ष के रूप में हुई है पुलिस के मुताबिक दोनों अभियुक्तों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम
कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक शशि सिंह, चौकी प्रभारी बदरका, रिजर्व कांस्टेबल लवकुश मौर्या और रिजर्व कांस्टेबल दिलीप कुशवाहा, थाना कोतवाली आजमगढ़ शामिल रहे।








