best news portal development company in india

आजमगढ़ में प्राकृतिक रंगों से सजी भव्य रंगोली बनी आकर्षण का केंद्र

SHARE:

‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ थीम पर स्वयं सहायता समूह की दीदियों, महिलाओं, विद्यार्थियों और कलाकारों ने दिखाया हुनर

आजमगढ़, 07 अक्टूबर 2026। सेवा संकल्प अभियान-2026 के तहत हरिऔध कला प्रांगण में ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ थीम पर भव्य रंगोली का निर्माण किया गया। प्राकृतिक रंगों और सामग्रियों से तैयार की गई यह विशाल रंगोली लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी रही।

जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार के मार्गदर्शन एवं मुख्य विकास अधिकारी राकेश कुमार पटेल के पर्यवेक्षण में आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) की स्वयं सहायता समूह की दीदियों के साथ स्थानीय कलाकारों, महिलाओं और विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

रंगोली में भारत का मानचित्र, राष्ट्रीय प्रतीक, जनकल्याणकारी योजनाएं, मातृ एवं शिशु पोषण तथा विकसित भारत-2047 जैसे विषयों को कलात्मक रूप से प्रदर्शित किया गया। इसके माध्यम से सेवा, स्वावलंबन, पर्यावरण संरक्षण, पोषण और राष्ट्र निर्माण का संदेश दिया गया।

प्राकृतिक सामग्रियों से तैयार हुई रंगोली

इस रंगोली की खासियत रही कि इसके निर्माण में फूल, प्राकृतिक रंग, विभिन्न प्रकार के अनाज, मिट्टी सहित अन्य पर्यावरण अनुकूल सामग्रियों का प्रयोग किया गया। प्राकृतिक संसाधनों के रचनात्मक इस्तेमाल ने रंगोली को और आकर्षक बना दिया।

रंगोली का अवलोकन प्रदेश उपाध्यक्ष/विधान परिषद सदस्य डॉ. धर्मेंद्र सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष ध्रुव कुमार सिंह, लालगंज के विनोद राजभर, पूर्व सांसद नीलम सोनकर, पूर्व विधायक वंदना सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों ने किया। सभी ने महिलाओं और स्वयं सहायता समूह की दीदियों की रचनात्मकता एवं उत्कृष्ट कला की सराहना की।

उपायुक्त रोजगार डॉ. आराधना त्रिपाठी ने बताया कि रंगोली निर्माण में स्वयं सहायता समूह की दीदियों के साथ स्थानीय कलाकारों, महिलाओं और विद्यार्थियों की सामूहिक भागीदारी रही। इससे आयोजन को महिला सशक्तिकरण, सामुदायिक सहभागिता और राष्ट्र निर्माण की भावना से जोड़ने में मदद मिली।

‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ की थीम पर तैयार इस रंगोली ने सेवा, सृजन, स्वावलंबन और विकसित भारत के संकल्प को प्रभावी ढंग से प्रदर्शित किया।

Leave a Comment

Pelli Poola Jada
best news portal development company in india
सबसे ज्यादा पड़ गई