प्रसव के बाद महिला की मौत, शिशु सुरक्षित,परिजनों ने 5 घंटे तक किया सड़क जाम
सुपौल रिपोर्ट-अल्ताफ राजा
सुपौल जिले के एक निजी अस्पताल में प्रसव के बाद महिला की मौत से हंगामा हो गया। मृतका की पहचान करिहो गांव निवासी राज साह की पत्नी चांदनी देवी के रूप में हुई है।परिजनों के अनुसार, चांदनी देवी ने निजी अस्पताल में शिशु को जन्म दिया। इसके बाद डॉक्टर ने खून की कमी बताई, जिसके बाद परिजनों ने दो यूनिट ब्लड मुहैया कराया। आरोप है कि ब्लड चढ़ाने के बावजूद महिला की हालत में सुधार नहीं हुआ। बाद में अस्पताल प्रबंधन ने दूसरे अस्पताल ले जाने को कहा, जहां डॉक्टर ने भर्ती लेने से इनकार कर दिया। इसी दौरान महिला की मौत हो गई।
मौत से आक्रोशित परिजनों ने सुपौल-सहरसा मुख्य मार्ग को पानी टंकी के समीप सड़क जाम कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस-प्रशासन की टीम ने स्थिति संभाली। करीब 5 घंटे बाद प्रशासन के आश्वासन पर जाम हटाया गया। वहीं, निजी अस्पताल में भर्ती अन्य मरीजों को प्रशासन ने सदर अस्पताल में शिफ्ट कराया।फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों ने घटना को लेकर आवेदन दिया है। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है। परिजनों द्वारा लगाए गए गलत इलाज के आरोपों की जांच होनी बाकी है।








